Share

गैंगेस्टर गोल्डी बराड़ ने यूपी के कारोबारी को दी धमकी, कहा- ‘2 करोड़ दो, जान है तो जहान है’
कुख्यात गैंगेस्टर गोल्डी बराड़ ने यूपी के रामपुर स्थित एक कारोबारी को धमकी दी है और कहा कि उसकी आवाज को चेक करवा लेना, वह बहुत अच्छा काम कर रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।गोल्डी बराड़ के नाम से मिली धमकी
रामपुर: विदेश में बैठा कुख्यात गैंगेस्टर गोल्डी बराड़ लगातार अपने वसूली रैकेट को चला रहा है। आतंकी सुक्खा हत्याकांड के पहले गोल्डी के नाम से यूपी के रामपुर स्थित एक कारोबारी को वॉइस नोट के जरिए धमकी दी गई है। यूपी पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
एफआईआर के मुताबिक, शिकायतकर्ता को 10 सितंबर को शाम 6 बजे व्हाट्सएप पर एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से पहली कॉल आई। फोन करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का सदस्य गोल्डी बराड़ बताया। शिकायतकर्ता ने पहले सोचा कि यह एक फर्जी कॉल है, लेकिन उसे 12 सितंबर को उसी नंबर से फिर से कॉल आई और कॉल करने वाले ने उसे फिर से धमकी दी।
पश्चिमी यूपी के कारोबारी से 2 करोड़ रुपए की मांग की गई और उसे धमकी भरा वॉइस नोट भेजा गया। यूपी पुलिस ने आईपीसी 504 और 507 के तहत केस दर्ज किया है। वॉइस नोट में कहा गया है, ‘जान है तो जहान है, बढ़िया काम करते रहो। मेरी वॉयस चेक करवा लो, अच्छा काम कर रहा हूं। अगर आप मेरी आवाज की जांच कराना चाहते हैं तो करा लीजिए।’
गोल्डी बराड़ फिलहाल अमेरिका के कैलिफोर्निया में है। इस साल जुलाई में इंटरपोल द्वारा उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी किया गया था। पंजाब के मुक्तसर साहिब का रहने वाला बराड़ 2017 में कनाडा चला गया था। इससे पहले जून में गायक और रैपर हनी सिंह ने बराड़ पर धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने इस मामले में एफआईआर दर्ज की थी। गोल्डी बराड़ पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस का मास्टरमाइंड है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *