Share

महादेव ऐप घोटाला: आरोपी सौरभ ने एमपी में खरीदी थी करोड़ों की संपत्ति, मुंबई के पास होटल की थी तैयारी
महादेव बुक ऐप मामले में ED को रोजाना नई-नई जानकारियां मिल रही है। ED को पता चला है कि आरोपी कालेधन की मदद से भोपाल और मुंबई में संपत्ति खरीद रहे थे।
महादेव गेमिंग ऐप घोटाला मामले में हाल ही में ED की ओर से बॉलीवुड के कई बड़े सितारों को समन जारी किया गया है। हालांकि, इसके बाद से इस सट्टेबाजी ऐप के मालिक को लेकर कई बड़े खुलासे हो रहे हैं। अब जानकारी मिली है कि ऐप का सरगना सौरभ चंद्राकर सट्टेबाजी के पैसों से बेशुमार पैसे बनाने की फिराक में था। उसने देश के कई राज्यों में प्रोपर्टी में निवेश करना शुरू कर दिया था।
ED के सूत्रों के मुताबिक, महादेव ऐप की जांच के दौरान पता लगा कि आरोपियों ने महादेव बुक एप और उससे जुड़े दूसरे एप्लिकेशन के माध्यम से जो करोड़ो रुपए कमाए हैं उसका इस्तेमाल कर इन लोगों ने बेशुमार संपत्ति भी खरीदी है। जानकारी मिली है की आरोपियों ने इन पैसों का इस्तेमाल कर भोपाल में करोड़ों की संपत्ति खरीदी है। इसके साथ ही आरोपी मुंबई के पास एक फाइव स्टार होटल बनाने वाले थे जिसमे रिसोर्ट से लेकर सारी सुविधाएं होती।
ED अब आरोपियों की संपत्तियों की जानकारी इकट्ठा करने के साथ-साथ उसके दस्तावेज और उसकी खरीदी बिक्री से जुड़ी जानकारी भी इकट्ठा कर रही है। ED इस बात की तह तक जाना चाहती है कि करोड़ों के कालेधन को कहां-कहां निवेश किया गया और ये पैसे किस-किस के पास गए। बता दें कि इसी मामले में ED ने पूछताछ के लिए अभिनेता रणबीर कपूर समेत कई फिल्मी और टीवी सितारों को समन जारी किया है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, ED की ओर से फिलहाल उन ऑपरेटर्स की जांच की जा रही है जिनकी मदद से यह ऐप्लिकेशन देश के अलग अलग हिस्सों में चलाया जा रहा था। जानकारी के आधार पर अब ED उन तमाम संपत्तियों और मुंबई के पास बनने वाले फाइव स्टार होटल से जुड़े दस्तावेज इकट्ठा करने की कोशिश कर रही है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *