Share

शर्मनाक: पटना में महादलित महिला को पीटने, नग्न कर घुमाने और पेशाब पिलाने का आरोप, पुलिस कर रही तफ्तीश
बिहार की राजधानी पटना से एक शर्मनाक खबर सामने आई है। एक महादलित महिला के साथ मारपीट की गई, उसे नग्न कर घुमाने और पेशाब पिलाने का भी आरोप लगाया गया है। पुलिस इसकी जांच कर रही है।
पटना: बिहार की राजधानी पटना से एक बेहद शर्मनाक खबर सामने आई है। पटना में एक 45 साल की एक महादलित महिला के साथ बदमाशों के मारपीट करने, नंगा कर के घुमाने और पेशाब पिलाने का आरोप लगाया गया है। पटना पुलिस ने घटना को गंभीरता से लिया है और इसकी गहन जांच कर रही है। घटना पटना के खुसरूपुर गांव की है। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव व्याप्त है और पूरे गांव में पुलिस कैंप कर रही है।
पटना के खुसरूपुर के मौसिमपुर गांव में कुछ माह पूर्व 45 साल की महादलित महिला ने गांव के एक दबंग व्यक्ति से डेढ़ हजार रुपये का कर्ज लिया था। महिला ने वह पैसा सूद के साथ उस व्यक्ति को लौटा दिया। इसके बावजूद भी वह व्यक्ति महिला से और सूद की मांग करने लगा। बताया जा रहा है कि जब महिला ने सूद का पैसा देने से इनकार कर दिया तो दबंग व्यक्ति ने महिला को शनिवार की रात उठवा लिया और अपने घर ले गया उसे वहां पीटने के बाद नग्न कर दिया गया। महिला ने आरोप लगाया कि उसे जबरन पेशाब भी पिलाया गया। महिला ने बताया कि रविवार को किसी तरह वह वहां से भाग निकली और इसकी सूचना खुसरूपुर थाने को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस ने घायल महिला को इलाज के लिए खुसरूपुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी सियाराम यादव ने बताया कि महिला द्वारा आरोप लगाया गया है कि महिला ने किसी व्यक्ति को ₹9000 कर्ज के रूप में दिलवाया था। इतना ही नहीं महिला ने खुद भी ₹1500 कर्ज लिया था। महिला ने बताया कि खुद के कर्ज का पैसा वह वापस कर दी थी, जबकि जिस व्यक्ति को उसने कर्ज दिलाया था उसने पैसे वापस नहीं किए। कर्ज देने वाले दबंग व्यक्ति ने महिला से पैसे की मांग की । जब महिला ने पैसा देने से इनकार किया तो गांव के दबंग व्यक्ति जिसका नाम प्रमोद सिंह बताया गया है, उसने महिला को जबरन उठाकर ले गया। उसके साथ मारपीट की गई फिर उसे पेशाब भी पिलाया गया।
फतुहा पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी ने बताया कि छानबीन में पेशाब पिलाने और नग्न करने की बात की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि महिला के आवेदन पर खुसरूपुर थाना में एससी-एसटी के तहत मामला दर्ज कराया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए गांव में पुलिस कैंप कर रही है। उन्होंने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। वहीं, सैयद इमरान मसूद, ग्रामीण SP, पटना ने कहा, अनुसंधान के क्रम में यह पाया गया कि अभियुक्त पक्ष का और पीड़ित के बीच पैसे के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था, जिसके चलते अभियुक्त पक्ष द्वारा महिला के साथ मारपीट की गयी, अभी तक की जांच मे महिला के साथ मारपीट की पुष्टि हुई है लेकिन अन्य आरोप जो लगाए गए हैं उसकी अभी जांच की जा रही है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *