Share

आगरा में अतिक्रमण हटाने गई पुलिस टीम पर हमला, पत्थरबाजी में कई घायल, पुलिस ने किया लाठीचार्ज
उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में अतिक्रमण हटाने गई पुलिस पर उपद्रवियों ने हमला कर दिया। पुलिस पर पत्थरबाजी की गई जिसमें कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद से इलाके में तनाव व्याप्त है।
आगरा: सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने गई पुलिस और प्रशासन की टीम पर उपद्रवियों ने हमला कर दिया। इस घटना में कई लोग घायल हो गए। उपद्रवियों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज भी करना पड़ा। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव व्याप्त है और पुलिस कैंप कर रही है। घटना न्यू आगरा क्षेत्र के दयालबाग सत्संग पीठ की है, जहां सत्संगियों ने सरकारी जमीन पर कब्जा कर रखा है और आज से पहले भी अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई की गई थी और आज भी पुलिस अतिक्रमण की कार्रवाई करने गई थी मगर जैसे ही पुलिस और प्रशासन की टीम पहुंची तभी सत्संगियों ने पुलिस टीम पर पत्थरबाजी करना शुरू कर दिया। इस दौरान कई अधिकारी घायल हो गए और कुछ पत्रकारों को भी चोट लगी। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।स्पेशल डीजी ने बताया-स्थिति नियंत्रण में
इस घटना के बाद स्पेशल डीजी लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार ने कहा है कि आगरा में स्थिति नियंत्रण में है। वहां कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और लोगों से मिलकर बात कर रहे हैं। पूरे इलाके में पुलिसबल की तैनाती कर दी गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम पर पथराव शरारती तत्वों ने किया था। हमले के बाद हल्का बल प्रयोग किया गया फायरिंग नहीं की गई है। अखिलेश यादव ने कसा तंज
बता दें कि इस घटना पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने ट्वीट किया और लिखा है ”राधास्वामी मत के माननेवाले सम्पूर्ण विश्व में अपने अध्यात्म, प्रेम, करूणा और सत्संग के लिए अनुकरणीय हैं। दयालबाग सदैव से आस्था, सौहार्द, सेवा और शिक्षा का प्रतीक रहा है।दयालबाग की ज़मीन पर अब सत्ताधारी और पुलिस-प्रशासन मिलकर भाजपाई भू-माफ़ियों की स्वार्थ सिद्धि में लग गए हैं। ये सत्संग की महान भारतीय परम्परा पर घातक प्रहार है, जिसका आस्थावान और शांतिप्रिय राधास्वामी मतावलंबी पुरज़ोर तरीक़े से विरोध कर रहे हैं। इस अन्याय के विरोध में समाजवादी पार्टी राधास्वामी सत्संग के साथ खड़ी है और दयालबाग को बचाने की मुहिम में हर तरह से साथ है। भाजपा का धर्म-विरोधी बुलडोज़र जनता नहीं सहेगी।”

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *