Share

घोसी उपचुनाव: संजय निषाद ने बीजेपी प्रत्याशी के सिर पर फोड़ा हार का ठीकरा, बोले- मेरा विरोध कराकर अपना ही नुकसान कराया
घोसी विधानसभा उपचुनाव में भाजपा के उम्मीदवार दारा सिंह चौहान को भारी मतों से हार देखने को मिली है। वहीं अब इस हार को लेकर संजय निषाद ने बीजेपी प्रत्याशी के सिर पर हार का ठीकरो फोड़ा है।
उत्तर प्रदेश की घोसी विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में बीजेपी की हार को लेकर अब बयानबाजी शुरू हो गई है। बीजेपी के सहयोगी दल निषाद पार्टी के अध्यक्ष और यूपी के कैबिनेट मंत्री डॉ संजय निषाद ने प्रत्याशी दारा सिंह चौहान के सिर पर इस हार का ठीकरा फोड़ा है। संजय निषाद ने कहा कि उपचुनाव में मतदाता पार्टियों के बजाय उम्मीदवार के चेहरे पर वोट डालते हैं। घोसी में भी लोगों ने उम्मीदवार के चेहरे पर ही मतदान किया है। इसके अलावा बीजेपी के कुछ लोगों ने भितरघात भी किया है।
घोसी उपचुनाव परिणाम पर बोले अखिलेश यादव, ‘जनता ने कई दलों के भावी मंत्रियों को हराया है’
“संजय निषाद का विरोध कराकर अपना ही नुकसान कराया”
उत्तर प्रदेश में घोसी विधानसभा उपचुनाव में शुक्रवार को वोटों की गिनती के बाद समाजवादी पार्टी (सपा) के उम्मीदवार सुधाकर सिंह ने अपने निकटम प्रतिद्वंद्वी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार दारा सिंह चौहान पर भारी मतों के अंतर से अपनी बढ़त मजबूत कर ली है। उपचुनाव के नतीजों को लेकर निषाद पार्टी के अध्यक्ष ने ये भी कहा कि बीजेपी के कुछ लोगों ने संजय निषाद का विरोध कराकर अपना ही नुकसान कराया है। हार के कारणों की समीक्षा की जानी चाहिए। इस चुनाव को कतई अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव से जोड़कर नहीं देखना चाहिए। लोकसभा का चुनाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चेहरे और उनकी सरकार के काम पर होगा। लोकसभा चुनाव में पीएम मोदी की अगुवाई में एनडीए एकतरफा जीत हासिल करेगा।
ओम प्रकाश राजभर को लेकर कही ये बात
पत्रकार वार्ता के दौरान संजय निषाद ने ओम प्रकाश राजभर को हार का फैक्टर मानने से इंकार किया है। संजय निषाद ने कहा कि किसको अपने साथ लेना है और किसको नहीं, यह बीजेपी को तय करना है क्योंकि भाजपा गठबंधन में बड़े भाई की भूमिका में है। लेकिन इस दौरान ओम प्रकाश राजभर के मंत्रिमंडल में शामिल होने पर संजय निषाद चुप्पी साधे रहे। संजय निषाद ने इंडिया गठबंधन के दक्षिण भारतीय नेताओं द्वारा सनातन धर्म पर लगातार सवाल उठाए जाने को गलत बताया। निषाद ने कहा कि सनातन पर सवाल उठाने वालों को जल्द ही जनता सबक सिखा देगी।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *