Share

क्या सीमा हैदर ने ‘दुश्मनों’ को दिखा दिया रास्ता? नेपाल सीमा से भारत में घुसपैठ कर रहा था चीनी नागरिक, हुआ गिरफ्तार
शख्स नेपाली भाषा बोलने में सक्षम नहीं था। इसकी वजह से एसएसबी को शक हुआ। जब उसके सामान की जांच की गई, तो उसके पास से चीन मुल्क के कई सामान, एक फोटो और एक आईडी प्रूव भी बरामद हुआ।
भारत-नेपाल के पानीटंकी बॉर्डर से एसएसबी के 41वीं बटालियन के जवानों ने अवैध रूप से भारत में प्रवेश करते एक चीनी नागरिक को गिरफ्तार किया है। इस दौरान उसके पास से भारतीय मुद्रा 6330 और नेपाली मुद्रा 46860 रुपये भी जब्त किए गए हैं। पकड़े गए चीनी नागरिक का नाम पेंग योंगजिन (39) है। वह चीन के शांहेई, विहाई फेंग का रहने वाला बताया गया है।
एसएसबी सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, नियमित जांच के दौरान एक चीनी नागरिक को रोककर पूछताछ की गई और उसे अपना पहचान पत्र दिखाने को कहा गया। इसके बाद उक्त चीनी नागरिक पेंग योंगजिन ने नेपाली पासपोर्ट और नागरिकता पहचान पत्र दिखाया, जिसके सहारे वह भारत में प्रवेश करता। हालांकि, जब एसएसबी जवानों ने उस पासपोर्ट की जांच की तो वह फर्जी निकला। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।उमेश योनजन के नाम से नेपाली पासपोर्ट
एसएसबी की पूछताछ में पहले उसने खुद को नेपाल का नागरिक बताया, लेकिन एसएसबी को शक है कि उसने धोखे से नेपाली पासपोर्ट उमेश योनजन के नाम से बनाया है। एसएसबी सूत्रों के मुताबिक, वह नेपाली भाषा बोलने में सक्षम नहीं था, जिसके कारण एसएसबी को शक हुआ और उसके सामान की जांच की, तो उसके पास से चीन मुल्क के कई सामान, एक फोटो और एक आईडी प्रूव भी बरामद हुआ, जिस पर उसका नाम पेंग योगजिन लिखा हुआ था। जिससे उसके चीनी नागरिक होने का प्रमाण था।
हालांकि, उसने इस संदर्भ में एसएसबी को बताया कि यह उसका कैसीनो पहचान पत्र है, जिसका उपयोग वह काठमांडू नेपाल में कैसीनो में काम करने के लिए करता था। बाद में पूछताछ के दौरान उसने स्वीकार किया कि वह एक चीनी नागरिक है और नेपाली अधिकारी को 3 लाख 50 हजार नेपाली रुपये की रिश्वत देकर धोखाधड़ी से नेपाली पासपोर्ट बनाया है। इसके बाद एसएसबी अपनी सारी कागजी कार्रवाई करने के बाद उक्त चीनी नागरिक को खोरीबाड़ी पुलिस के हवाले कर दिया। गुरुवार को खोरीबाड़ी पुलिस ने दिनांक 19 जुलाई 2023 यू/एस- 468/471 आईपीसी की धारा आर/डब्ल्यू सेक्शन-14ए फॉरेनर्स एक्ट के तहत मामला दर्ज करने के बाद 14 दिन की रिमांड की अर्जी पर सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।नेपाल के रास्ते से ही भारत आई थी सीमा हैदर
बता दें कि हाल ही में नेपाल के रास्ते एक चार बच्चों की पाकिस्तानी मां सीमा गुलाम हैदर भारत में घुसी। उसके पास से चार पासपोर्ट बरामद हुए हैं। सीमा ने बताया था कि उसका भारतीय प्रेमी सचिन ने कई बार पासपोर्ट वालों को पैसे भी दिए लेकिन वो कोई न कोई कागज की कमी बता देते थे। फिर नेपाल का पता लगा कि वहां इंडियन बिना वीजा के ऐसे ही आ सकते हैं। तो हमने सचिन से कहा कि वहां आ जाओ, हम वहीं मिलेंगे। जब ये आए गए तो कोई कड़ी चेकिंग नहीं हुई। वो आराम से छोड़ देते हैं। इसलिए मेरे दिमाग में ये बैठ गया था कि हम दोबारा भी यहीं से आएंगे।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *