Share

UP के कैबिनेट मंत्री पर आज ही के दिन हुआ था रिमोट बम से हमला, मनाते हैं पुनर्प्राप्त जन्मोत्सव; परिवार के साथ की पूजा
12 जुलाई 2010 को बहादुरगंज में कैबिनेट मंत्री नंदी पर हमला हुआ था। मंदिर जाते वक्त उनकी स्कूटी में आरडीएक्स लगाकर रिमोट से ब्लास्ट किया गया था।
नंदी ने परिवार के साथ शिव मंदिर में रुद्राभिषेक कर पूजा अर्चना की
लखनऊ: यूपी की योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी पर 13 साल पहले आज ही के दिन रिमोट बम से जानलेवा हमला हुआ था। हमले में वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे, लेकिन महीनों चले इलाज के बाद उन्हें नई जिंदगी मिली थी। जानलेवा हमले के बावजूद मिले नए जीवन को वह हर साल पुनर्प्राप्त जन्म महोत्सव के रूप में मनाते हैं। कोरोना के साये में गुजरे कई सालों के बाद इस बार का महोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस खास मौके पर मंत्री नंदी ने बहादुरगंज इलाके के उसी शिव मंदिर में रुद्राभिषेक कर घंटों पूजा अर्चना की, जिसके बाहर उन पर हमला हुआ था।
रुद्राभिषेक के दौरान मंत्री का पूरा परिवार भी मौजूद था। मंत्री नंदी ने इस मौके पर ब्लड डोनेशन कैम्प लगाकर खुद भी रक्तदान किया। उनका कहना है कि आरडीएक्स ब्लास्ट के बावजूद वह भगवान भोलेनाथ की कृपा की वजह से ही बच पाए हैं। इस मौके पर सूबे के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक, यूपी बीजेपी के अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना, योगी सरकार के तकरीबन दर्जन भर मंत्री और तमाम दूसरे खास मेहमान भी शामिल हुए। महोत्सव में शामिल हुए लोगों ने मंत्री नंदी को इस मौके पर बधाई दी और उनकी लंबी उम्र की कामना की। इस दौरान चर्चित गायक मित्तल और दूसरे कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए।बता दें कि 12 जुलाई 2010 को बहादुरगंज में मंत्री नंदी पर हमला हुआ था। मंदिर जाते वक्त उनकी स्कूटी में आरडीएक्स लगाकर रिमोट से ब्लास्ट किया गया था। पूर्व बाहुबली विधायक विजय मिश्रा और उनके रिश्तेदार दिलीम मिश्रा पर इस हमले का आरोप लगा था। इस हमले में एक पत्रकार और एक गार्ड की भी मौत हुई थी। नंदी पर हमले के बाद यूपी सरकार हिल गई थी। नंद गोपाल गुप्ता नंदी मायावती की सरकार में कैबिनेट मंत्री थे और अब वर्तमान में वह योगी सरकार के मंत्री हैं।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *