Share

एजेंसी समाचार
जम्मू। जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में आतंकियों ने घात लगातार सैन्य वाहन पर विस्फोट से हमला कर दिया। इसमें पांच जवान शहीद हो गए हैं। अचानक हुए इस हमले के बाद मौके पर सैन्य और पुलिस अधिकारी पहुंचे। उन्होंने आसपास के लोगों के साथ मिलकर वाहन में लगी आग बुझाकर राहत और बचाव अभियान चलाया।
घने जंगल वाले भाटादूडियां इलाके में लगी सैन्य वाहन में विस्फोट के बाद भीषण आग लग गई थी। प्राथमिक तौर पर आसमानी बिजली गिरने से घटना होने की बात सामने आई थी। अब सैन्य अधिकारियों ने आतंकी हमला होने की बात कही है। जिस इलाके में यह हादसा हुआ है वहां पिछले साल आतंकियों और सैन्य कर्मियों के बीच कई दिन तक मुठभेड़ भी हुई थी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुंछ और राजोरी जिले की सीमा पर भाटादूडियां इलाके में वीरवार दोपहर को यह हादसा हुआ। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। उन्होंने बताया कि पुंछ-जम्मू नेशनल हाईवे पर सैन्य वाहन कुछ सामान लेकर जा रहा था। इसमें जवान भी सवार थे। घने जंगल के बीच आतंकियों के एक दल ने वाहन पर हमला कर दिया। इससे वाहन में आग भड़क उठी। इससे उसमें सवार जवान बुरी तरह से झुलस गए। इसमें से पांच ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटनास्थल पर पहुंचे सेना के अधिकारियों और जवानों ने से झुलसे साथियों को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। उत्तरी कमान के अनुसार वीरवार को तीन बजे राजोरी सेक्टर में बिंभर गली और पुंछ सीमा पर सेना के वाहन पर आतंकियों ने ग्रेनेड से हमला किया। जिस समय यह हमला किया गया था उस समय इलाके में बारिश हो रही थी। बेहद कम दृश्यता का फायदा उठाकर आतंकियों ने इस घटना को अंजाम दिया। ग्रेनेड में विस्फोट होने के बाद वाहन में आग लग गई। इसमें काउंटर टेररिस्ट आॅपरेशन के लिए तैनात राष्ट्रीय राइफल्स यूनिट के पांच जवान मौके पर ही शहीद हो गए। एक अन्य गंभीर जवान का राजोरी के सैन्य अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना के बाद इलाके में तलाशी अभियान जारी है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *