Share

एजेंसी समाचार
देवरिया। महर्षि देवरहा बाबा और बाबा राघव दास की तपोभूमि से शनिवार को सीएम योगी आदित्यनाथ ने कई बड़ी घोषणाएं की। योगी ने कहा कि बंद बैतालपुर चीनी मिल को दोबारा चालू कराया जाएगा। इसके लिए प्रदेश सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में प्रार्थना पत्र लगा दिया है। वहां से अनुमति मिलते ही बैतालपुर चीनी मिल को पुन: चालू कराने का काम शुरू करा दिया जाएगा। इसके साथ ही वहां शुगर कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया जाएगा, जिसमें डिस्टिलरी, फ्रोजन और एथेनाल प्लांट भी लगाया जाएगा। योगी ने कहा कि जनपद के लोगों को स्थानीय स्तर पर ही रोजगार मिल सके, इसके लिए ट्रेनिंग सेंटर खोला जाएगा, जिसमें युवाओं को प्रशिक्षित कर उन्हें आत्मनिर्भर और स्वालंबन की राह पर अग्रसर करने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट से जैसे ही अनुमति मिलेगी, ये सारे काम शुरू करा दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जिला मुख्यालय स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित 480 करोड़ की 233 परियोजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे। योगी ने कहा कि पिछली सरकारों ने विकास कार्यों को रोक कर रखा। उन्हें क्षेत्र विशेष तक सीमित कर दिया था, लेकिन भाजपा की डबल इंजन सरकार में सभी वर्गों और क्षेत्रों का समान रूप से विकास हो रहा है।
उन्होंने कहा कि देवरिया हमारे घर के आंगन जैसा है। यहां के विकास के लिए जो भी प्रस्ताव भेजा जाएगा उसको शीघ्र ही पास करा दिया जाएगा। कुशीनगर में कृषि और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की स्थापना की जा रही है, इससे महराजगंज, देवरिया सहित आसपास के जिलों के युवा लाभान्वित होंगे। बरहज में हमने पीएचसी को जनता को समर्पित किया है। वहां लगे हेल्थ एटीएम से 16 प्रकार की जांचें हो सकेंगी। इससे आम जनमानस को जांच और इलाज के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।
योगी ने कहा कि पहले की सरकारों में कोई सोच सकता था कि देवरिया में मेडिकल कॉलेज बनेगा, लेकिन हमने कर दिखाया है। आज पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया के लिए मॉडल बना है। विकास की योजनाएं घर-घर और गरीब तक पहुंच रही हैं। युवाओं को टेबलेट और स्मार्ट फोन देकर हम उन्हें तकनीकी रूप से सक्षम बना रहे हैं। हमारी सरकार ने इंसेफेलाइटिस जैसे रोग पर काबू करने का काम किया है। पहले की सरकारों में इस बीमारी से असंख्य बच्चे काल के गाल में समा जाते थे, लेकिन आज देवरिया, महराजगंज, कुशीनगर में इस बीमारी से अब कोई मौत नहीं होती है न ही इसके रोगी सामने आते हैं।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डबल इंजन की सरकार प्रदेश में गरीबों को डबल राशन दे रही है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुव्यवस्थित और सुसंगठित शासन का नतीजा है। वहीं, दूसरी ओर पाकिस्तान में रोटी के लिए हाय-तौबा मची हुई है। वहां रोटी के लाले पड़े हुए हैं।
पिछली सरकारों ने प्रदेश की 22 चीनी मिलों को औने-पौने दाम पर बेंच दिया था। एक चीनी मिल एक सरकार ने चार करोड़ में बेंची थी। जबकि केवल स्क्रैप ही उस चीनी मिल का बिकता तो 25 से 30 करोड़ में। उस समय उस चीनी मिल की जमीन की कीमत डेढ़ सौ करोड़ रुपये थी, लेकिन पिछली सरकारों में डकैती डालने का काम होता था। हमने फिर से चीनी मिलों को चालू कराने का संकल्प लिया है। कई चीनी मिलों को हमने शुरू भी कराया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को भलुअनी विकास खंड के बरोर धनौती गांव में स्व. मरजादी देवी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण किया। मंत्रोच्चार के बीच स्कूल की बच्चियों से फीता भी कटवाया। स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर जायजा लिया। इस दौरान उन्होंंने संकटमोचन हनुमान मंदिर में दर्शन पूजन कर पौधरोपण भी किया।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *