हुकूमत एक्सप्रेस
मुरादाबाद। नामचीन चार्टर्ड अकाउंटेंट और बिल्डर श्वेताभ तिवारी की हत्या की गूंज दिल्ली तक जा पहुंची है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और पूर्व राज्यसभा सांसद सैय्यद जफर इस्लाम ने इस मामले में यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक से बात की है। उन्होंने मामले के जल्द खुलासे के लिए कहा है। जफर इस्लाम ने बताया कि उन्होंने मुरादाबाद के डीएम और एसएसपी से भी इस बारे में फीडबैक लिया है और जल्द खुलासे के निर्देश दिए हैं। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता जफर इस्लाम से दैनिक भास्कर से बातचीत में कहा कि, वे अभी पार्टी के काम से बाहर हैं। जैसे ही दिल्ली वापस लौटेंगे तो मुरादाबाद पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात करेंगे। उन्होंने बताया कि मुरादाबाद चार्टर्ड अकाउंटेंट एसोसिएशन की ओर से उनसे इस मामले में मदद मांगी गई है। जफर इस्लाम ने कहा कि पूरी घटना पर उनकी नजर है और वे लगातार अधिकारियों से संपर्क बनाए हुए हैं।
मुरादाबाद में रामगंगा विहार साईं गॉर्डन निवासी सीए श्वेताभ तिवारी की बुधवार रात करीब 9 बजे उनके कार्यालय के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। श्वेताभ तिवारी नामचीन सीए होने के साथ-साथ बड़े बिल्डर भी थे। उत्तराखंड के भवाली समेत कई स्थानों पर उनके बड़े-बड़े प्रोजेक्ट चल रहे थे। दिल्ली रोड पर बंसल कांप्लेक्स में बैंक आॅफ बड़ौदा के नीचे बेसमेंट में उनका कार्यालय था। घटना उनके इसी कार्यालय के बाहर हुई।घटना के वक्त वे अपने पार्टनर अखिल अग्रवाल के साथ आॅफिस से घर जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान एक कॉल आने पर वे गाड़ी से उतरकर बात करने लगे थे। तभी हमलावरों ने उन पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं। हमलावरों की संख्या 2 बताई जा रही है। पोस्टमार्टम से पता चला है कि श्वेताभ को 7 गोलियां लगी थीं। जिनमें से एक उनके सिर में फंसी मिली है जबकि बाकी 6 गोलियां पार हो गई थीं।
पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड के खुलासे के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। पुलिस ने मृतक के पार्टनरों और स्टाफ से भी लंबी पूछताछ की है। इसके अलावा सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए हैं। सर्विलांस के जरिए भी पुलिस हत्यारों का सुराग ढूंढने की कोशिश कर रही है। पुलिस प्रॉपर्टी, संबंध, कर्ज के लेनदेन समेत हर उस एंगल से पड़ताल में जुटी है, जिसकी वजह से घटना हो सकती है। हमपेशा प्रतिस्पर्धा समेत दूसरे तमाम पहलुओं पर भी पुलिस छानबीन कर रही है। श्वेताभ की क्लाइंटेज मुरादाबाद से लेकर नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली तक थी। इसके अलावा बतौर बिल्डर भी वो अपना बड़ा कद बना चुके थे। सूत्रों का कहना है कि छानबीन में पुलिस के हाथ अहम सुराग लगे हैं और पुलिस जल्द इस घटना का खुलासा कर देगी।











