Share

मुरादाबाद। कोरोना महामारी के बाद तेज रफ्तार के साथ कारोबार को नई ऊंचाई देने के प्रयासों में लगे मुरादाबाद के हस्तशिल्प निर्यातकों को अमेरिका से आई खबर ने सकते में ला दिया है। एक ही दिन में अमेरिका का बाजार पांच फीसदी से भी ज्यादा लुढ़कने और टार्गेट व वालमार्ट जैसे नामी गिरामी स्टोर्स के मुनाफे में भारी गिरावट से निर्यातकों में हड़कंप मच गया।
शहर के निर्यातकों के बीच अमेरिका के ताजा कारोबारी हालात से जुड़े मैसेज तेजी के साथ वायरल हुए। दि हैंडीक्राफ्ट एक्सपोर्टर एसोसिएशन के सचिव सतपाल ने बताया कि अमेरिका में तेजी से बिगड़ते कारोबारी हालात के बीच बुधवार को यूएस का मार्केट पांच फीसदी से भी ज्यादा गिर गया। टार्गेट और वाल मार्ट में बिक्री बहुत तेजी से घटना इसका कारण बताया गया। टार्गेट की बिक्री एकाएक 25 फीसदी, वालमार्ट की 8.3 फीसदी, अमेजॉन की सात फीसदी, एपल की साढ़े पांच फीसदी घट गई। वहां के वेल्स फार्गो इनवेस्टमेंट इंस्टीट्यूट की तरफ से अमेरिका में 2022 के आखिर और 2023 की शुरूआत में हल्की मंदी का अनुमान जताया गया है। मुरादाबाद हैंडीक्राफ्ट्स एक्सपोर्टर एसोसिएशन के अध्यक्ष नवेदउर्रहमान ने बताया कि अमेरिका के अधिकांश ग्राहकों ने आॅर्डर रोक दिए हैं जिससे मुरादाबाद के निर्यातकों में मायूसी की लहर दौड़ गई है। मुरादाबाद से होने वाले हस्तशिल्प उत्पादों के कुल निर्यातकों में अमेरिका की हिस्सेदारी 40 फीसदी है। मुरादाबाद से अमेरिका को सालाना साढ़े तीन हजार करोड़ से अधिक का निर्यात हो रहा है।
मुरादाबाद के निर्यातकों को अमेरिका में हाउजिंग लोन आदि पर ब्याज की दर बढ़ते ही तेज झटका लगना शुरू हो गया था। निर्यातक अजय पुगला ने बताया कि अमेरिका में नए घरों के निर्माण की रफ्तार घटने का सीधा असर मुरादाबाद के एक्सपोर्ट पर पड़ रहा है। अमेरिकी आॅर्डर घटने के चलते कई निर्यात फैक्ट्रियों में उत्पादन की रफ्तार घट गई है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *