Share

मुंबई। निर्दलीय सांसद नवनीत राणा आज 13 दिन बाद जेल से बाहर आ गई हैं. नवनीत राणा के वकील दीप मिश्रा ने बताया कि भायखला जेल से रिहाई के बाद निर्दलीय सांसद को लीलावती अस्पताल ले जाया गया है जहां उनका मेडिकल चेकअप किया जाएगा. बताया जा रहा है कि रवि राणा भी आज शाम तक जेल से बाहर आ जाएंगे. इससे पहले राणा दंपति की ओर से बोरीवली कोर्ट में आज 50-50 हजार रुपए का बेल बॉन्ड जमा किया गया. मजिस्ट्रेट की ओर से रिहाई आदेश मिलने के बाद दो टीमें भायखला और तलोजा जेल पहुंची थीं. नवनीत राणा को भायखला महिला जेल जबकि रवि राणा को तलोजा जेल में रखा गया था.
मुंबई सेशन कोर्ट ने सांसद नवनीत राणा और उनके पति विधायक रवि राणा को शर्तों के साथ बुधवार को जमानत दे दी थी. नवनीत राणा और उनके पति रवि राणा ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के आवास मातोश्री के सामने हनुमान चालीसा का पाठ करने का ऐलान किया था. हालांकि, उन्हें पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया था. पुलिस ने नवनीत राणा पर भड़काऊ बयानबाजी, समाज में अशांति फैलाने के आरोपों के तहत 153 अ का मामला दर्ज किया था. बाद में दोनों पर पुलिस ने राजद्रोह का केस दर्ज किया था. भायखला जेल से रिहाई के बाद अमरावती से निर्दलीय सांसद नवनीत राणा लीलावती अस्पताल पहुंचीं जहां उनका मेडिकल चेकअप किया जा रहा है. नवनीत राणा के वकील रिजवान मर्चेंट ने बताया कि कोर्ट ने नवनीत राणा और उनकी पति को जमानत दे दी है. हालांकि, कुछ शर्तें रखी गई हैं. राणा दंपति से जांच में सहयोग करने के लिए कहा गया है. इतना ही नहीं पुलिस को नवनीत राणा को 24 घंटे का अग्रिम नोटिस जारी करने का भी निर्देश दिया गया है. इससे पहले राणा के वकील रिजवान मर्चेंट ने शिकायत की थी कि उनकी मुवक्किल को जेल में उचित इलाज नहीं मिल पा रहा है. रिजवान मर्चेंट ने बाइकुला जेल के सुपरिटेंडेंट को पत्र लिखकर कहा था कि नवनीत राणा स्पोंडिलोसिस से जूझ रही हैं, उन्हें सीटी स्कैन की सुविधा उपलब्ध नहीं कराई जा रही है.

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *