Share

चारधाम सड़क परियोजना के तहत यमुनोत्री हाईवे पर संचालित हो रहे हॉट मिक्स प्लांट के खिलाफ विरोध के सुर उठने लगे हैं। ग्रामीणों ने इस संबंध में स्थानीय विधायक से भी शिकायत की है। ग्रामीणों का कहना है कि प्लांट से निकलने वाले धुएं से स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
चारधाम सड़क परियोजना के तहत यमुनोत्री हाईवे पर पौलगांव से पालीगाड़ तक सड़क चौड़ीकरण कार्य किया जा रहा है। इसके लिए निर्माण एजेंसी ने हाईवे पर पत्थर गाड़ के समीप हॉट मिक्स प्लांट लगाया है। प्लांट के समीपवर्ती गांवों के ग्रामीणों ने प्लांट के संचालन पर आपत्ति जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि प्लांट के समीप चीड़ का जंगल, गांव व टूरिस्ट कॉटेज है। बावजूद इसके प्रशासन ने यहां प्लांट संचालन की अनुमति दी है।
समीपवर्ती नंद गांव के पूर्व प्रधान महावीर बिष्ट, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य दशरथ सिह बिष्ट ने कहा कि प्लांट के धुएं से ग्रामीणों के स्वास्थ्य के साथ ही फसलों पर भी प्रभाव पड़ रहा। प्लांट से निकलने वाले धुएं व धूल से पर्यावरण भी दूषित हो रहा है। ग्रामीणों ने कहा के प्लांट के संचालन का कई बार विरोध भी किया गया है, लेकिन प्रशासन इसे गंभीरता से नहीं ले रहा है। ग्रामीणों ने इस संबंध में स्थानीय विधायक संजय डोभाल से भी शिकायत की है। संबंधित वन क्षेत्राधिकारी संदीप शर्मा का कहना है कि उक्त प्लांट को दो साल की अवधि तक संचालित किए जाने की अनुमति थी, लेकिन प्लांट संचालक अवधि की अनुमति बढ़ा कर लाए हैं। वहीं एसडीएम बड़कोट शालिनी नेगी ने कहा कि यदि प्लांट पर मानकों की अनदेखी पाई गई, तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *