Share

एजेंसी समाचार
लखनऊ। यूपी विधान परिषद चुनाव 2022 के लिए शनिवार शाम चार बजे तक मतदान पूरा हो गया। चुनाव परिणाम की घोषणा 12 अप्रैल को की जाएगी। शनिवार को 27 स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतदान हुआ। ज्यादातर सीटों पर भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच सीधा मुकाबला है।
चुनाव में मुजफ्फरनगर-सहारनपुर प्राधिकारी निवार्चन क्षेत्र में सहारनपुर में 96.87 प्रतिशत, शामली में 97.54 प्रतिशत और मुजफ्फरनगर में 95.67 प्रतिशत मतदान हुआ। मुरादाबाद-बिजनौर स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र के चार जिलों में अमरोहा में सर्वाधिक 99 फीसदी और बिजनौर में सबसे कम 96 फीसदी मतदान हुआ। सभी स्थानों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। मुरादाबाद में 98 तो संभल में 97 फीसदी मतदाताओं ने वोट किया।
इसी तरह कानपुर-फतेहपुर में शाम चार बजे तक 97.38 फीसदी मतदान हुए। यहां कुल 1563 वोट पड़े, जिनमें 928 पुरूष और 634 महिला मतदान शामिल रहे। झांसी-ललितपुर-जालौन सीट पर 98.90 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सर्वाधिक मतदान ललितपुर में 99.12 प्रतिशत हुआ। जबकि, जालौन में 98.94 तथा झांसी में 98.71 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वाराणसी स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र में वाराणसी, भदोही और चंदौली जिले में बनाए 26 बूथों पर चार बजे तक 98.52 फीसदी मतदान हुआ। वाराणसी में 97.97, भदोही में 98.67 और चंदौली में सबसे ज्यादा 99.01 फीसदी मतदान दर्ज हुआ। चुनाव में समाजवादी पार्टी प्रत्याशी को वोट देने के लिए मतदाताओं में रुपये बांटने के आरोप में लालगंज पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि तीनों लोग उत्तर प्रदेश विधान परिषद के स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन-2022 के दौरान थानाक्षेत्र के छिबरा गांव में रुपये बांटते पकड़े गए। इनके पास से पांच हजार रुपये नकद बरामद किया गया है साथ ही इनके चार पहिया वाहन को सीज कर दिया गया है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *