Share

दुबई. आईसीसी की ताजा टेस्ट रैंकिंग में भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली दसवें स्थान पर खिसक गए हैं। वहीं रवींद्र जडेजा फिर से दुनिया के नंबर एक ऑलराउंडर बन गए हैं। रविचंद्रन अश्विन जडेजा के बाद दूसरे स्थान पर हैं। पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज में अच्छा प्रदर्शन करने वाले ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को आईसीसी रैंकिंग में भी फायदा हुआ है। मार्नस लाबुशेन पहले स्थान पर बने हुए हैं, वहीं स्टीव स्मिथ दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। वनडे रैंकिंग में विराट कोहली दूसरे स्थान पर मौजूद हैं।

सबसे ज्यादा फायदा उस्मान ख्वाजा को हुआ है, जिन्होंने 2022 में 100 से ज्यादा के औसत से रन बनाए हैं। वो अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग सातवें स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्हें छह पायदान का फायदा हुआ है और वो रोहित-विराट को पीछे छोड़ चुके हैं।

टॉप 10 में ऑस्ट्रेलिया के चार बल्लेबाज शामिल
टेस्ट में बल्लेबाजों की रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया के चार बल्लेबाज टॉप 10 में शामिल हैं। मार्नस लाबुशेन पहले और स्टीव स्मिथ दूसरे स्थान पर हैं। वहीं उस्मान ख्वाजा सातवें और ट्रेविस हेड नौवें पायदान पर हैं। न्यूजीलैंड के केन विलियमसन तीसरे और इंग्लैंड के जो रूट चौथे पायदान पर हैं। बाबर आजम पांचवें और दिमुथ करुणारत्ने छठें स्थान पर हैं। भारत के विराट कोहली शुरुआती 10 बल्लेबाजों से बाहर होने की कगार पर हैं। वो दसवें पायदान पर आ चुके हैं। वहीं रोहित शर्मा आठवें स्थान पर हैं।

गेंदबाजों में अश्विन दूसरे नंबर पर
गेंदबाजों की रैंकिंग में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ है। ऑस्ट्रेलिया के पैट कमिंस पहले पायदान पर बने हुए हैं। वहीं अश्विन दूसरे और रबाड़ा तीसरे स्थान पर हैं। जसप्रीत बुमराह भी चौथे स्थान पर बने हुए हैं। पाकिस्तान के शाहीन अफरीदी के एक स्थान का फायदा हुआ है और वो पांचवें पायदान पर आ चुके हैं। वहीं काइल जेमीसन एक स्थान के नुकसान के साथ छठें पायदान पर आ चुके हैं। टीम साउदी सातवें, नील वैगनर आठवें जेम्स एंडरसन नौवें और जोश हेजलवुड दसवें स्थान पर हैं।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *