Share

नई दिल्ली. यूक्रेन पर हमला करने के बाद दुनिया के कई देशों में रूस की आलोचना हो रही है। उस पर कई तरह के प्रतिबंध लगाए जा रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार (25 फरवरी) को रूस से दुनिया के सबसे बड़े क्लब टूर्नामेंट चैंपियंस लीग के फाइनल की मेजबानी छीन ली गई। इसके बाद फीफा वर्ल्ड कप 2022 के लिए क्वालीफाइंग राउंड के मैच भी वहां नहीं होंगे। अब फॉर्मूला वन ने रशियन ग्रां प्री को रद्द कर दिया है। वहीं, अंतरराष्ट्रीय स्की महासंघ ने रूस में होने वाले पांच वर्ल्ड कप स्की इवेंट को फिलहाल नहीं कराने का फैसला किया है।

चैंपियंस लीग फाइनल: रूस से लगातार दूसरे साल इस टूर्नामेंट के फाइनल की मेजबानी छिनी गई है। पिछले साल भी इसका आयोजन सेंट पीटर्सबर्ग में ही होना था। तब कोरोना महामारी के कारण फाइनल मैच वहां नहीं खेला जा सका था। पुर्तगाल के शहर पोर्तो में खेले गए खिताबी मुकाबले में चेल्सी ने मैनचेस्टर सिटी को हराया था। इस बार फाइनल मैच सेंट पीटर्सबर्ग की जगह फ्रांस की राजधानी पेरिस में खेला जाएगा।

फीफा वर्ल्ड कप 2022 क्वालीफाइंग मैच: रूस को इस साल के अंत में होने वाले फुटबॉल के सबसे बड़े टूर्नामेंट वर्ल्ड कप के क्वालीफाइंग मैच की मेजबानी करनी थी। उसे 24 मार्च को पोलैंड के खिलाफ खेलना था। इसके बाद स्वीडन और चेक गणराज्य में से किसी एक टीम के खिलाफ 29 मार्च को दूसरा मैच खेलना था। तीनों टीमों ने रूस में खेलने से इनकार कर दिया था। अब रूस इसकी मेजबानी तटस्थ मैदानों पर करेगा।

रशियन ग्रां प्री: 25 सितंबर को होने वाला रशियन ग्रां प्री को यूक्रेन पर हमले के कारण रद्द कर दिया गया है। फॉर्मूला वन ने शुक्रवार (25 फरवरी) को इसकी घोषणा की। उसने अपने बयान में कहा, “गुरुवार की शाम फॉर्मूला वन, एफआईए और टीमों ने मौजूदा स्थिति पर चर्चा की। हम इस निष्कर्ष पर पहुंचे हैं कि मौजूदा परिस्थितियों में इसका आयोजन असंभव है।”

पांच वर्ल्ड कप स्की इवेंट: रूस में होने वाले पांच वर्ल्ड कप स्की इवेंट रद्द या स्थानांतरित किए जाएंगे। इसकी जानकारी अंतरराष्ट्रीय स्की महासंघ (एफआईएस) ने शुक्रवार को दी। उसने अपने बयान में कहा, “एफआईएस ने फैसला किया है कि सभी प्रतिभागियों की सुरक्षा के हित में रूस में अभी और 2021-22 सीजन के अंत के बीच होने वाले सभी बाकी बचे हुए वर्ल्ड कप इवेंट रद्द या स्थानांतरित किए जाएंगे।”

रूस या बेलारूस में नहीं होगा कोई आयोजन
अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति की कार्यकारी बोर्ड ने भी रूस-यूक्रेन के बीच चल रहे जंग को लेकर चिंता जाहिर की है। उसने सभी अंतरराष्ट्रीय खेल संघों से कहा है कि रूस या बेलारूस में आयोजित होने वाले सभी टूर्नामेंट को रद्द कर दें या उसे किसी दूसरे स्थान पर आयोजित करें।

शतरंज में भी रूस को झटका
अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ (एफआईडीई) ने भी रूस को एक झटका दिया है। अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ परिषद ने फैसला किया है कि 44वां शतरंज ओलंपियाड, दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए प्रतियोगिता और एफआईडीई कांग्रेस रूस में आयोजित नहीं होगा।

एक दिन पहले भी हुआ था विरोध
इससे पहले गुरुवार को यूईएफए यूरोपा लीग के मैचों के दौरान रूस का विरोध हुआ। स्पेन की चर्चित टीम बार्सिलोना और इटली की टीम नेपोली के बीच प्लेऑफ मैच से पहले दोनों टीमों के खिलाड़ी एक बैनर लेकर खड़े हुए थे। इस पर लिखा था- नो वॉर। वहीं, ओलंपिकोस और अटलांटा के बीच हुए मुकाबले के दौरान भी रूस के खिलाफ खिलाड़ी नजर आए। अटलांटा के लिए यूक्रेन के रुस्लान मालिनोवस्की ने गोल किया। गोल करने के बाद उन्होंने जर्सी ऊपर की ओर उठाई। नीचे एक सफेद रंग की बनियान पर लिखा था- यूक्रेन में युद्ध नहीं हो।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *