Share

रुड़की। शहर में कोरोना वायरस का पहला संदिग्ध मरीज मिला है। सिविल अस्पताल रुड़की में बने आइसोलेशन वार्ड में मरीज के सैंपल लिए गए। सैंपल को हरिद्वार भेजा गया है। अस्पताल प्रशासन का कहना कि एहतियात के तौर पर मरीज को आइसोलेशन वार्ड में रखकर सैंपल लिया गया है। कुछ घंटे बाद मरीज को छुट्टी दे दी गई। अस्पताल प्रशासन ने सीएमओ को भी इसकी सूचना दे दी है।
सिविल अस्पताल में शुक्रवार को ढंडेरा के मिलाप नगर निवासी एक 39 वर्षीय मरीज इलाज के लिया आया। मरीज ने डॉक्टर को बताया कि उनके शरीर में दर्द है और शुरुआत में उसे दस्त की भी शिकायत थी। मरीज ने बताया कि दो मार्च को वे किसी काम से दिल्ली गए थे, जहां वे एक होटल में रुके थे। इस होटल में बड़ी संख्या में विदेशी लोग ठहरे थे। दिल्ली से आने के बाद से उन्हें यह समस्या हो रही है। हालांकि मरीज को बुखार नहीं है। सीएमएस डॉ. संजय कंसल के निर्देश के बाद पैथोलॉजिस्ट टीम ने आइसोलेशन वॉर्ड में जाकर मरीज के सैंपल लिए।
सैंपल लेने के दौरान विशेष एहतियात बरती गई। टीम ने पर्सनल प्रोटेक्शन इक्यूपमेंट (पीपीई) किट पहनकर मरीज के सैंपल लिए। कुछ घंटे मरीज को आइसोलेशन वॉर्ड में रखने के बाद छुट्टी दे दी गई। साथ ही, मरीज को घर में जरूरी एहतियात बरतने की सलाह दी गई है। सिविल अस्पताल के सीएमएस डॉ. संजय कंसल के अनुसार मरीज में कोरोना के लक्षण नहीं मिले हैं। मरीज घबराया हुआ था और उसे थोड़ा शक था। मरीज की आशंका को दूर करने और एहतियात के तौर पर ही मरीज का सैंपल लिया गया है। मरीज को लक्षण बढ़ने पर तुरंत जांच के लिए अस्पताल आने की सलाह दी गई है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *