Share

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम के तेवर तल्ख बने हुए हैं। बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री के साथ ही गढ़वाल और कुमाऊं की चोटियां बर्फ से लकदक हैं। नैनीताल और मसूरी के आसपास की पहाड़िघ्यां भी बर्फ से सफेद हो गईं। वहीं निचले इलाकों में रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी है। देहरादून जिले के विकासनगर क्षेत्र में तेज हवा से बिजली भी गिर रही। मौसम विभाग के अनुसार रविवार से मौसम कुछ राहत देगा।
बीते रोज से पहाड़ से लेकर मैदान तक हो रही बारिश से एक बार फिर ठंड लौट आई है। उत्तरकाशी जिले की गंगा और यमुना घाटी रुक-रुक कर बर्फ गिर रही है। वहीं चमोली में बदरीनाथ के अलावा हेमकुंड साहिब और औली के आसपास अच्छा हिमपात हुआ है।
ताजा बर्फबारी से केदारनाथ में रास्ता साफ कर रही प्रशासन की टीम के सामने फिर से चुनौतियां खड़ी हो गई हैं। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार अभी प्रदेश में मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा। पहाड़ से लेकर मैदान तक कई जगह बारिश हो सकती है। इसके अलावा 2200 मीटर की ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी की भी संभावना है।
मौसम के तेवर उत्तराखंड में तल्ख हो गए हैं। यहां दून समेत आसपास के इलाकों में बारिश और बर्फबारी आफत बन गई है। खराब मौसम के कारण मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर गैरसैंण से उड़ान नहीं भर सका। जिसके चलते सीएम सड़क मार्ग से रवाना हुए। इधर, जौलीग्रांट एयरपोर्ट में भी कई उड़ाने घंटों की देरी से रवाना हो सकीं। जबकि, डोईवाला और विकासनगर में तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से गेहूं की खड़ी फसल बर्बाद हो गई। दून में भी मूसलाधार बारिश ने ठिठुरन लौटा दी। जबकि, मसूरी, धनोल्टी, चकराता और सुरकंडा में पहाड़ियों पर बर्फ की चादर बिछ गई। हालांकि, देर रात बारिश होने से अधिकांश इलाकों में बर्फ पिघल गई, लेकिन रात को पहाड़ों में हाड़ कंपाने वाली ठंड लौट आई।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *