Share

एजेंसी न्यूज
भोपाल। मध्य प्रदेश में मचे राजनीतिक घमासान के चलते पहली बार राज्य में होने जा रहे आइफा पुरस्कार अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हो गए हैं। हालांकि, आइफा आयोजन समिति की तरफ से जारी बयान में इसकी वजह कोरोना वायरस के मामले सामने आने को बताया गया है लेकिन मध्य प्रदेश सरकार के सूत्र बताते हैं कि पुरस्कार समारोह का टलना सूबे की सियासी हलचल का परिणाम हैं।
आइफा आयोजन समिति की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि कोविड 19 वायरस के फैलने और आइफा के प्रशंसको की स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इन पुरस्कारों को स्थगित किया जा रहा है। बयान के मुताबिक इस बारे में मध्य प्रदेश सरकार, आइफा प्रबंधन और फिल्म उद्योग से जुड़े लोगों ने आपस में राय मशविरा किया और पुरस्कार समारोह से जुड़े कार्यक्रमों को बाद में किसी दूसरी तारीख को करने का फैसला किया गया। ये पुरस्कार समारोह इस महीने के आखिर में भोपाल और इंदौर में होने वाले थे।
पिछले साल भी आइफा पुरस्कारों को लेकर अफरातफरी रही थी। पहले ये पुरस्कार नेपाल की राजधानी काठमांडू में होने वाले थे और बाकायदा इसके लिए वहां की संसद में बजट भी पारित हुआ। लेकिन, ऐन मौके पर आइफा आयोजन समिति ने इससे इंकार करते हुए ये आयोजन मुंबई मे किया। इस साल के फिल्मफेयर पुरस्कार असम की राजधानी गुवाहाटी में होने के बाद मध्य प्रदेश सरकार ने आइफा पुरस्कार अपने यहां कराने की पहल की थी।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *