हुकूमत एक्सप्रेस
मुरादाबाद। शहर के व्यस्ततम मार्गों में शुमार अमरोहा गेट चैराहे पर हर समय ही ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है जिसका प्रमुख कारण है चैराहे पर लगने वाले सब्जी व फलो के ठेले। एक तो यह मार्ग वैसे ही संकरा है उस पर सड़क की साईडों पर सब्जी व फल वाले ठेले खड़े कर देते हैं जिससे ट्रैफिक जाम होता है। गुरूवार दोपहर भी काफी देर तक लोगों को यहां ट्रैफिक जाम से जूझना पड़ा। मौके पर पहुंचे हुकूमत एक्सप्रेस के फोटोग्राफर के कैमरे की फ्लैश जब इन ठेलों पर चमचमाई तो आनन फानन में यहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने ठेले हटवा दिये। स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि थोड़ी देर के बाद फिर ठेले खड़े हो जायेंगे। पुलिस कर्मियों द्वारा हील हवाली के चलते चैराहे पर सब्जी व फल के ठेले लगते हैं और यही ट्रैफिक जाम का कारण बनता है।
बता दें कि पिछले दिनों एसएसपी अमित पाठक के सख्त आदेशों के बाद कोतवाली पुलिस अभियान चलाकर अमरोहा गेट चैराहे से लेकर कटरा बाजार तक का अतिक्रमण पूरी तरह साफ कर दिया था मगर अब फिर वही पहले जैसी स्थिति बन गयी है।











