Share

एजेंसीं न्यूज
कानपुर। मदरसे में पढने वाले छात्रों के लिए अच्छी खबर है। उनकी मार्कशीट व प्रमाणपत्र जल्द ही देश भर में मान्य होंगे। वह कहीं भी नौकरी के लिए आवेदन कर सकेंगे। उप्र मदरसा शिक्षा परिषद काउंसिल ऑफ बोड्र्स ऑफ स्कूल एजुकेशन (कोबसे) में मदरसा बोर्ड का रजिस्ट्रेशन कराने जा रही है। इसके बाद परिषद से जारी मार्कशीट व प्रमाणपत्रों के सत्यापन में आने वाली दिक्कतें दूर हो जाएंगी।
मदरसा बोर्ड के कोबसे में रजिस्ट्रेशन का मुद्दा कई बार उठाया गया। अभी रजिस्ट्रेशन न होने से शिक्षण संस्थानों और नौकरियों में मार्कशीट स्वीकार नहीं की जाती है। परिषद की ओर से दी जाने वाली मार्कशीट व प्रमाणपत्र प्रदेश में ही मान्य हैं। पूरे देश में इसकी मान्यता नहीं होने से मुंशी, मौलवी, आलिम, कामिल व फाजिल की परीक्षा देने वाले छात्रों की संख्या हर साल कम होती जा रही है।
कामिल व फाजिल यानी स्नातक व स्नातकोत्तर की डिग्रीधारक छात्र अभी बीएड और पीएचडी करने के लिए अर्ह नहीं हैं। ऐसे में उनका शिक्षक व प्रोफेसर बनने का सपना पूरा नहीं हो पाता है। कारण, कामिल व फाजिल का कोर्स करने के बाद उसकी डिग्री किसी विश्वविद्यालय से नहीं मिलती है। यह डिग्री उप्र मदरसा शिक्षा परिषद से दी जाती है। मैनेजर्स एसोसिएशन मदारिस अरबिया के महामंत्री डॉ. आरए सिद्दीकी बताते हैं कि प्रदेश के मदरसों को ख्वाजा मोईनुद्दीन उर्दू, अरबी-फारसी विश्वविद्यालय से संबद्ध करने से यह परेशानी खत्म हो सकती है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *