हरिद्वार। कुंभ मेला कार्यों की ढिलाई पर सिंचाई विभाग के तीन बड़े अधिकारियों के निलंबन के बाद मेला कार्यो में लगे विभिन्न विभागों के अधिकारियों की हालत बिगड़ी हुई है।
शुक्रवार को मुख्यमंत्री के हरिद्वार में कुंभ मेला निर्माण कार्यों के स्थलीय निरीक्षण को लेकर सभी सतर्क थे कि कहीं कोई गड़बड़ी न होने पाए। कोई कमी बाकी न रह जाए इसके लिए सारी व्यवस्था चुस्त-दुरूस्त कर रखी थी और सुरक्षा चाक-चैबंद। पर, अगाज ही गलत हो गया, मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के भल्ला कालेज हैलीपैड पर उतरने के तुरंत बाद जब अधिकारी उनके निरीक्षण को गाड़ियों की कतार लगाने में व्यस्त थे, ठीक उसी समय एक व्यक्ति तेजी के साथ सारी सुरक्षा व्यवस्था और आला पुलिस अधिकारियों को धता बताते हुए हैलीपैड पर घुस सीधे मुख्यमंत्री के पास पहुंच गया। व्यक्ति जिस तेजी और आत्मविश्वास के साथ वहां पहुंचा इससे अधिकारियों ने उसे रोकने की कोई कोशिश भी नहीं की।
शराब पीए हुए यह शख्स ने मुख्यमंत्री के बेहद नजदीक पहुंचने पर उनसे लिपटने की कोशिश करते हुए अंग्रेजी में जोर-जोर से उन्हें भला-बुरा कहने लगा। उसका आरोप था कि मुख्यमंत्री उसकी बात और उसके दिए सुझाव पर अमल नहीं कर रहे। वह उनसे तुलसी चैक पर उत्तराखंड के चारधामों के लगे म्यूरल को शहर में अन्य जगहों पर लगाने की कई बार मांग कर चुका है पर, वे हैं कि मानते ही नहीं। उसने मुख्यमंत्री से म्यूरल बनवाकर उसे दिए जाने की मांग भी की।











