देहरादून। शहर में प्रमुख मार्गों पर प्रतिबंध के बावजूद संचालित हो रहे ई-रिक्शा के विरुद्ध विक्रम, ऑटो और टाटा मैजिक के संचालकों की यूनियन ने संयुक्त मोर्चा बना लिया है। मोर्चा को सिटी बस यूनियन द्वारा भी समर्थन दिया गया है। संयुक्त मोर्चा की ओर से चेतावनी दी गई कि अगर शहर के प्रमुख मार्गों से ई-रिक्शा नहीं हटाए गए तो आंदोलन किया जाएगा।
बता दें कि 27 अगस्त को सरकार की ओर से नोटिफिकेशन जारी कर शहर के सभी मुख्य मार्गों पर ई-रिक्शा का संचालन प्रतिबंधित कर दिया था। इसके बाद से ही ई-रिक्शा संचालक आंदोलन कर रहे हैं। ये बात अलग है कि नोटिफिकेशन के बावजूद पुलिस और परिवहन विभाग अवैध रूप से मुख्य मार्गों पर दौड़ रहे ई-रिक्शा को अभी तक नहीं रोक पाया है। ई-रिक्शा संचालकों के आंदोलन को देखते हुए अब दूसरे वाहन संचालक भी एकजुट हो गए हैं। दून ऑटो यूनियन, विक्रम यूनियन और टाटा मैजिक यूनियन ने संयुक्त मोर्चा बनाकर ई-रिक्शा के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारियों ने बताया कि मोर्चा के आंदोलन के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी।











