Share

लक्सर। पीएनबी निरंजनपुर शाखा में गबन के मामले में प्रभावित खाताधारकों ने हरिद्वार में बैंक के सर्किल हेड से मिलकर गबन की गई धनराशि उनके खातों में वापस कराने की मांग की। सर्किल हेड ने एक सप्ताह में खाताधारकों का पैसे वापस कराने का आश्वासन दिया।
पंजाब नेशनल बैंक की निरंजनपुर शाखा में 15 खाताधारकों के बैंक खातों से दूसरे बैंक खातों में ट्रांसफर कर 56 लाख रुपये के गबन का मामला सामने आया था। मामले में बैंक के एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की भूमिका सामने आने के बाद कर्मचारी व शाखा प्रबंधक को निलंबित किया जा चुका है। मामले में प्रभावित खाताधारकों ने उत्तराखंड किसान संघर्ष वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सैनी एडवोकेट के साथ मंगलवार को हरिद्वार पहुंचकर बैंक के सर्किल हेड से मुलाकात की। बताया कि जांच में गबन और कर्मचारी की भूमिका की पुष्टि हो चुकी है। लेकिन, अभी तक उनके खातों से गबन की गई धनराशि दोबारा उनके खातों में वापस नहीं की गई है। इससे उन्हें आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। संजय सैनी ने खाताधारकों को हो रही परेशानी को देखते हुए शीघ्र उनका जमा पैसा वापस कराने की मांग की। सर्किल हेड नरेंद्र कुमार ने शीघ्र उनके खातों में धनराशि वापस कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान धर्मपाल, चमन सिंह, राजेंद्र कुमार, रामकुमार, काशीराम, कर्णसिंह, शाकिर अहमद, नूरआलम, राघव शर्मा, श्याम सुंदर, अनुज अग्रवाल आदि मौजूद रहे।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *