हुकूमत एक्सप्रेस
मुरादाबाद। नेहरु युवा केन्द्र मुरादाबाद द्वारा पंचायत भवन कंपनीबाग में प्लास्टिक मुक्त भारत अभियान विषय पर आधारित एक युवा सम्मेलन का आयोजन संपन्न हुआ। जिला युवा सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने पर्यावरणीय प्रदूषण की चुनौती से उपस्थित जनों को सचेत करते हुए कहा कि प्रदूषणमुक्त पर्यावरण वर्तमान एवं भावी पीढियों के स्वास्थ्य हेतु नितान्त आवश्यक है तथा इस हेतु समाज के सभी वर्गो को अपना महत्वपूर्ण योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश को प्रदूषण से मुक्त करने के लिए प्लास्टिक की बनी सभी वस्तुओं को हमें अपने से दूर करना होगा तथा उन्होंने प्रदूषणमुक्त वातावरण के सृजन में युवाओं को बढ़चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान करते हुए कहा कि ऐसे सभी प्रयास देश सेवा एवं समाजसेवा के बेहतरीन उदाहरण होंगे।
जिलाधिकारी ने मिट्टी जल एवं वायु को प्राण तत्व बताते हुए युवाओं का आह्वान किया कि समय की आवश्यकता के अनुसार रैन वाटर हार्बेस्टिंग को बढ़ावा दिया जाये तथा साथ ही मिट्टी की उर्वरा शक्ति को बनाये रखने हेतु रासायनिक उर्वरकों के बजाय जैब उर्वरकों के प्रयोग को अधिकाधिक बढ़ावा दिया जाना चाहिए।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए नेहरु युवा केन्द्र के समन्वयक अंकित कुमार गौड़ ने कहा कि जनपद में लगभग 400 युवा मण्डल पंजीकृत हैं जिनमें अधिकतर सक्रिय रुप से अपने क्षेत्र के विकास में योगदान दे रहे हैं। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए वक्ता डा0 कोमल जुगलान, डा0 राजीव, डा0 जयप्रकाश सक्सेना, जान मौहम्मद, जयपाल सिंह, गजाला, तब्बसुम ने अपने सम्बोधन में कहा कि युवाओं को देश निर्माण में सहयोग करना चाहिए तथा केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा चलाये जा रहे अभियान जैसे प्लास्टिक मुक्त भारत अभियान, जलशक्ति अभियान, स्वच्छता अभियान आदि में बढ़चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए।











