Share

देहरादून। हरिद्वार जिले में नगर निकाय चुनावों में लगातार झटके झेलती आई भाजपा को अब जाकर कुछ राहत मिली है। हरिद्वार और रुड़की नगर निगम के महापौर पदों पर पार्टी को पराजय झेलनी पड़ी थी। जिला पंचायत अध्यक्ष के उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी को मिली जीत को हरिद्वार में पार्टी के लिए संजीवनी के तौर पर देखा जा रहा है।
पिछले साल हुए नगर निकाय चुनाव में हरिद्वार के महापौर पद पर भाजपा को शिकस्त का सामना करना पड़ा था। सियासी दृष्टिकोण से बेहद अहम हरिद्वार में पूरी ताकत झोंकने के बावजूद भाजपा को कांग्रेस ने पटखनी दे डाली थी। इससे असहज पार्टी को उम्मीद थी इस वर्ष होने वाले रुड़की नगर निगम के चुनाव में भाजपा अपनी साख बचा लेगी, लेकिन यहां भी महापौर के पद पर उसे मुंह की खानी पड़ी। सूरतेहाल, दोनों नगर निगम के महापौर की कुर्सी हाथ से फिसलने के बाद भाजपा के सामने साख बचाने की चुनौती थी।
इस बीच जिला पंचायत हरिद्वार के अध्यक्ष का पद रिक्त होने के बाद इसके उपचुनाव की घोषणा हुई तो भाजपा ने इसमें पूरी ताकत झोंक दी। जिपं अध्यक्ष पद के उपचुनाव में एकजुटता के साथ कार्य किया गया तो इसका सुफल भी पार्टी को मिला। अध्यक्ष पद पर भाजपा प्रत्याशी सुभाष वर्मा ने जीत हासिल की। जाहिर है कि हरिद्वार जिले के ग्रामीण क्षेत्र की इस सर्वोच्च पंचायत में मिली जीत से भाजपा को बड़ी राहत मिली है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *