Share

देहरादून। डीएवी कॉलेज परिसर में दो छात्र गुटों के बीच जमकर लात-घूंसे चले। आरोप है कि आर्यन संगठन के छात्रों ने निर्दलीय संगठन से जुड़े एक छात्र की पिटाई कर दी। इससे डीएवी छात्र संघ के अध्यक्ष निखिल शर्मा के नेतृत्व में समर्थक छात्रों ने जमकर हंगामा किया। मारपीट की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दो छात्रों को पूछताछ के लिए डालनवाला थाने ले गई।
छात्र संघ अध्यक्ष निखिल शर्मा ने आरोप लगाया कि आर्यन संगठन के कुछ छात्रों ने उनके साथ जुड़े हन्नी सिसोदिया की अकारण पिटाई की। इससे पहले सोमवार को भी इन्हीं छात्रों ने कॉलेज परिसर में उनके समर्थकों के साथ मारपीट की और परिसर में हंगामा खड़ा कर दिया। उन्होंने बताया कि हन्नी उनके साथ कैंपस में मौजूद था। इस दौरान एकाएक आर्यन के समर्थक दीपक एवं तीन अन्य छात्र आए और हन्नी की पिटाई करने लगे। इसका अन्य छात्रों ने कड़ा विरोध किया। दोनों गुटों के बीच हुई मारपीट के बाद कॉलेज में करीब आधे घंटे हंगामा चला। पुलिस ने सभी छात्रों को मुख्य परिसर से हटाकर मामला शांत कराया। उधर, आर्यन छात्र संगठन के पूर्व कॉलेज महासचिव शूरवीर सिंह चैहान ने कहा कि दोनों गुटों के दो से तीन छात्रों के बीज आपसी विवाद है। इसमें आर्यन संगठन को बदनाम किया जा रहा है।
देहरादून के एसएसपी अरुण मोहन जोशी के मुताबिक, डीएवी कॉलेज परिसर में अराजकता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मारपीट करने वाले छात्रों की पहचान कर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही डालनवाला कोतवाली पुलिस को निर्देशित किया गया है कि हंगामा करने वाले छात्रों की पहचान कर उनके खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की जाए।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *