एजेंसी न्यूज
रांची। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी झारखंड विधानसभा चुनाव के दूसरे दौर के मतदान से पहले मंगलवार को दो जगहों खूंटी और जमशेदपुर में चुनावी सभा की। खूंटी जनसभा में उन्होंने केंद्र सरकार की कई उपलब्धियों को गिनाया और कांग्रेस को निशाने पर लिया। झारखंड में भाजपा सरकार ने नक्सलियों की कमर तोड़ दी। झारखंड में लोगों को यह विश्वास है कि सिर्फ भाजपा ही राज्य का विकास कर सकती है। कांग्रेस छत्तीसगढ़ में झूठ बोलकर सत्ता में आई, उसने वादा पूरा नहीं किया। कांग्रेस छल और स्वार्थ की राजनीति कर रही है, भाजपा कर्म और सेवा की राजनीति कर रही है। हमने किसानों को सम्मान निधि देने का काम किया। छोटे दुकानदारों को निश्चित राशि देने का वादा किया था, उसे भी निभाया। जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद 370 अब हट चुका है। अब केंद्रशासित प्रदेश जम्मू और कश्मीर को आगे ले जाने की जिम्मेदारी आदिवासी इलाके में पले बढ़े उप राज्यपाल जी के कंधे पर है।
मोदी ने कहा कि राम जन्मभूमि मामले को कांग्रेस ने लटकाए रखा, वो भी शांतिपूर्ण ढंग से हल हो गया। जब भगवान राम अयोध्या से निकले थे तब राजकुमार थे, लेकिन जब वनवास से वापस आए तो मर्यादा पुरुषोत्तम राम बन गए। इसमें आदिवासियों ने अहम भूमिका निभाई। हमने देश की शांति के लिए समस्याओं का समाधान ढूंढने की कोशिश की। झारखंड को भाजपा पर भरोसा है। महिलाओं को यहां की सरकार ने सशक्त करने का काम किया है।











