एजेंसीं न्यूज
गोरखपुर। गोरखपुर के बेलीपार इलाके के बगहा बीर बाबा मंदिर के पास बाइक सवार बदमाशों ने पेट्रोल पंप मैनेजर की गोली मारकर हत्या कर दी और 11.22 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। पंप के ही एक अन्य कर्मचारी के साथ वह बैंक में रुपये जमा करने जा रहे थे। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश गोरखपुर की तरफ भागे। उनकी तलाश में जगह-जगह घेराबंदी कर पुलिस वाहन चेकिंग कर रही है।
एडीजी रेंज और एसएसपी ने घटनास्घ्थल पर पहुंचकर पेट्रोल पंप कर्मियों से घटना के बारे में जानकारी ली।
आनंद स्वरूप मिश्रा, बेलीपार इलाके में स्थित बरौली पेट्रोल पंप पर मैनेजर थे। पंप के ही कर्मचारी अनिल सिंह के साथ बाइक से बेलीपार स्थित भारतीय स्टेट बैंक में पेट्रोल पंप का कैश जमा करने जा रहे थे। आनंद स्वरूप रुपये से भरा बैग लेकर बाइक पर पीछे बैठे थे। अभी बगहा बाबा मंदिर के पास पहुंचे ही थे की पीछे से होंडा साइन पर सवार होकर आए बदमाशों ने असलहे के बल पर उन्हें रोक लिया और बैग छीनने लगे। विरोध करने पर मैनेजर को सीने और पैर में गोली मार दी। गोली लगते ही मैनेजर के हाथ से बैग छूट गया। जिसे लेकर बदमाश गोरखपुर की तरफ भाग निकले।
मौके पर पहुंची पुलिस मैनेजर को लेकर सीधे मेडिकल कालेज पहुची। जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित दिया। बैग में शनिवार और रविवार, दो दिन का कैश था। घटना के समय साथ मौजूद रहे कर्मचारी से बदमाशों के हुलिया की जानकारी लेने के बाद पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। आशंका जताई जा रही है कि बदमाश पेट्रोल पंप से ही पीछा कर रहे थे। पंप से जुड़े किसी व्यक्ति के मुखबिरी करने की आशंका जताई जा रही है।











