यातायात माह में भी खूब उड़ रही ट्रैफिक नियमों की धज्जियां

510
Share

हुकूमत एक्सप्रेस
मुरादाबाद। भले ही 1 नवम्बर से यातायात माह शुरू हो गया है और पुलिस लोगों को यातायात के नियमों के पालन के लिए जागरूक कर रही है मगर लोग हैं कि अपनी आदतों से बाज नहीं आ रहे। यातायात माह में भी ट्रैफिक नियमों की धज्जियां खूब उड़ रहीं है चाहे बिना हेलमेट दुपहिया वाहन चालक हों या फिर ओवरलोडिंग करते सीएनजी आॅटो चालक या फिर बिना हेड और टेल लाईट के ई रिक्शा दौड़ाने वाले चालक। वहीं पेट्रोल पंप संचालक भी बिना हेलमेट दुपहिया वाहन चालकों को खुलेआम पेट्रोल दे रहे हैं और प्रशासन के आदेशों की धज्जियां उड़ा रहे है।
ऐसा नहीं कि यातायात माह में केवल आम जनता ही ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ा रही है। पुलिस वाले भी इसमें शामिल है। पुलिसकर्मियों को भी बिना हेलमेट के दुपहिया वाहन चलाते देखा जा सकता है। कुल मिलाकर यातायात माह की शुरूआत में ही ट्रैफिक नियमों की धज्जियां खूब उड़ रही है। सम्भल चैराहा, इम्पीरियल तिराहा, फव्वारा, पीलीकोठी, पीएसी तिराहा आदि स्थानों से ओवरलोड सीएनजी आॅटो गुजर रहे हैं जबकि यहां पुलिस पिकेट की तैनाती होती है। इसके बावजूद पुलिसकर्मी ओवरलोड सीएनजी आॅटो चालकों के खिलाफ किसी भी तरह की कोई कार्यवाही करने में असफल है। वहीं ई रिक्शा चालक भी सारे नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए ई रिक्शा दौड़ा रहे है। करूला व जयंतीपुर रोड पर बिना हेड व टेल लाईट के रात में भी ई रिक्शा दौड़ रहे हैं और पुलिस चुपचाप इन्हें देखती रहती है। आने वाले दिनों में कोहरे भरी रातों में इस असावधानी के चलते कोई भी दुर्घटना घटित हो सकती है। करूला क्षेत्र मंे हालत यह है कि 15-16 साल के नाबालिग किशोर भी ई रिक्शा दौड़ा रहे है।

LEAVE A REPLY