Share

हुकूमत एक्सप्रेस
रामपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व कैबिनेट मंत्री तथा समाजवादी पार्टी से सांसद आजम खां के गढ़ रामपुर में शुक्रवार को आजम खां पर जमकर प्रहार किया। सीएम योगी आदित्यनाथ ने रामपुर विधानसभा उप चुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशी भारत भूषण गुप्ता के समर्थन में भाजपा विजय संकल्प जनसभा को संबोधित किया।
अलीगढ़ से रामपुर पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ ने रामपुर की नब्ज टटोलने के बाद रामपुरी चाकू की विशेषता बताकर आजम खां पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि रामपुर का विख्यात रामपुरी चाकू अगर गलत हाथ में रहेगा तो गुंडागर्दी को बढ़ाएगा। इस रामपुरी चाकू की दुनिया भर में पहचान है लेकिन, कोई तलवार या चाकू गलत हाथों में होगा तो वह उसका गलत इस्तेमाल करेगा। गरीबों की हकों पर डाका डलेगा। गरीबों की जमीनों पर कब्जा करेगा और गुंडागर्दी बढाएगा। अगर यही चाकू सही हाथों में होगा तो यह समृद्धि और सुरक्षा के लिए काम करेगा।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने यहां के अजीतपुर में भाजपा की जनसभा में आजम खां का नाम लिए बगैर कहा कि रामपुर में पिछले लंबे समय से परिवारवाद की राजनीति को बढ़ावा दिया गया है। गरीबों की जमीनों को कब्जाया गया है। गरीबों के हकों पर डाका डाला गया है।
यहां सरकारी योजनाओं का गलत इस्तेमाल किया गया है, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। उन्होंने कहा कि हमने सत्ता संभालते ही गुंडों और अपराधियों पर लगाम कसी, जिसने भी पुलिस से उलझने का काम किया। उसे यमलोक पहुंचा दिया गया। अपराधी अब या तो जेल में है या प्रदेश के बाहर हैं।
उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने 2014 में सत्ता संभालते ही देश के विकास पर ध्यान दिया और बिना भेदभाव के सभी लोगों के लिए सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया। किसी की जाति या मजहब पूछ कर नहीं बल्कि उसकी गरीबी देखकर योजनाओं का लाभ दिया गया। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी भारत भूषण गुप्ता को जिताने की अपील की। इस मौके पर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, राज्य मंत्री महेश कुमार गुप्ता व बलदेव सिंह औलख, पूर्व सांसद जया प्रदा, क्षेत्रीय अध्यक्ष अश्विनी त्यागी तथा मंत्री सुरेश राणा आदि मौजूद थे।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *