यूपी चुनाव से पहले सपा-कांग्रेस में सीट शेयरिंग पर बातचीत तेज है। कांग्रेस ने 120 सीटों की सूची सौंपी है और रायबरेली-अमेठी की सभी सीटों पर दावा किया है। सपा के सामने सीटों और संगठन के बीच संतुलन की चुनौती है।उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों में सीट बंटवारे की हलचल तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग को लेकर बातचीत जारी है। दोनों दलों की समन्वय टीम आज फिर बैठक करेगी। यह बैठक दोपहर 12 बजे कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी के घर पर होगी। सोमवार को दोनों दलों के नेताओं की पहली बैठक करीब 20 मिनट चली थी। इसके बाद सीटों को लेकर चर्चा आगे बढ़ी। कांग्रेस और सपा दोनों जल्द सीटों के बंटवारे पर सहमति बनाने की कोशिश कर रहे हैं।कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी को 120 विधानसभा सीटों की लिस्ट सौंपी है। इस लिस्ट को 3 कैटेगरी A, B और C में बांटा गया है। A कैटेगरी में 55 सीटें हैं, जिन पर कांग्रेस मजबूती से चुनाव लड़ना चाहती है। B कैटेगरी में ऐसी सीटें हैं, जहां कांग्रेस का प्रदर्शन पहले अच्छा रहा है। वहीं, C कैटेगरी में उन सीटों को रखा गया है, जहां पार्टी को जीत की संभावना नजर आ रही है। कांग्रेस की इस लिस्ट पर सपा के साथ चर्चा होनी है।सीट बंटवारे में रायबरेली और अमेठी सबसे अहम मुद्दा बन सकते हैं। कांग्रेस इन दोनों जिलों की सभी विधानसभा सीटें अपने पास रखना चाहती है। हालांकि, फिलहाल विधानसभा में कांग्रेस का कोई विधायक नहीं है। वहीं, 2022 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने रायबरेली और अमेठी की कुल 10 सीटों में से 6 सीटें जीती थीं। ऐसे में अखिलेश यादव के सामने कांग्रेस की मांग मानने और अपने संगठन के नेताओं को संतुष्ट रखने की चुनौती होगी।
अखिलेश यादव पहले ही कह चुके हैं कि उनके लिए सीटों की संख्या से ज्यादा जीत मायने रखती है। जो उम्मीदवार जहां से जीत सकता है, उसे वहीं से चुनाव लड़ना चाहिए। कांग्रेस भी इसी रणनीति पर आगे बढ़ने की बात कर रही है। सीट शेयरिंग को लेकर दोनों पार्टियों के नेताओं ने भरोसा जताया है कि गठबंधन में सब ठीक है और जल्द सीटों का बंटवारा हो जाएगा। हालांकि, पहली बैठक में प्रियंका गांधी वाड्रा और केसी वेणुगोपाल को शामिल होना था, लेकिन वे बैठक में नहीं पहुंचे।
सीट बंटवारे को लेकर सपा नेता राम गोपाल यादव और कांग्रेस के यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम समेत अन्य नेताओं के बीच बातचीत जारी है। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस की मांगों को देखते हुए सपा को कुछ सीटें छोड़नी पड़ सकती हैं। सपा नेता आजम खान ने भी कहा है कि गठबंधन को मजबूत बनाने के लिए पार्टी जरूरत पड़ने पर कुछ कुर्बानी देने को तैयार है। अब सवाल यही है कि अखिलेश यादव कांग्रेस की मांगों को कितनी सीटों तक स्वीकार करते हैं और कांग्रेस कितनी सीटों पर अपना दावा छोड़ती है।सपा-कांग्रेस की पहली बैठक करीब 20 मिनट में खत्म होने पर बीजेपी और अन्य दलों ने तंज कसा। यूपी सरकार के मंत्री दानिश अंसारी ने कहा कि दोनों पार्टियों में कोई एक-दूसरे की बात सुनने को तैयार नहीं है, इसलिए बैठक जल्दी खत्म हो गई। ओपी राजभर ने बैठक में शिवपाल यादव के शामिल नहीं होने पर सवाल उठाए। वहीं, AIMIM प्रवक्ता शादाब चौहान ने भी सीट शेयरिंग को लेकर दोनों दलों पर निशाना साधा। इस तरह विपक्षी दलों ने 403 विधानसभा सीटों पर दोनों दलों के बीच इतनी कम देर में चर्चा होने को लेकर सवाल उठाए।
