सीएम योगी बोले: समाज और राष्ट्र को तोड़ने वालों से रहना होगा सावधान, अयोध्या में संतों संग किया अल्पाहार

33
Share

लखनऊ. सीएम योगी आदित्यनाथ सोमवार को कारसेवकपुरम पहुंचे। यहां उन्होंने संतों के साथ बैठक की। चर्चा के पश्चात सीएम योगी ने संतों के साथ अल्पाहार ग्रहण किया। सीएम ने संतों का सम्मान भी किया। इसके बाद कारसेवकपुरम की गौशाला में गायों को गुड़, चना और केला खिलाया। कारसेवकपुरम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली मिलन कार्यक्रम को संबोधित किया।

सीएम योगी ने कहा कि अक्सर ऐसा होता है कि जब कोई उपलब्धि हमारे सामने आ जाती है तो हम निश्चिंत होकर सोते हैं, तभी हमारे साथ धोखा होता है। यह समय सोने का नहीं है। उन्होंने समाज को चेताते हुए कहा कि समाज तोड़क और राष्ट्र तोड़क तत्वों से सावधान रहना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री राम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान और अब जब अयोध्या में श्री रामलला विराजमान हैं, तब हमारा दायित्व और अधिक बढ़ गया है। हमें समाज के एक-एक तबके को जोड़ना होगा।

सीएम योगी ने कहा कि त्योहार का उत्साह तभी सार्थक होता है, जब समाज के हर तबके को अपनी खुशी में शामिल किया जाए। उन्होंने कहा, त्योहार का उत्साह तभी है, जब हम अपनी खुशी के साथ समाज के हर तबके को और अंतिम पायदान पर बैठे हुए व्यक्ति को गले लगाकर खुशी के साथ जोड़ सकें। उन्होंने बताया कि राम जन्मभूमि और हनुमानगढ़ी दर्शन के उपरांत जब वे आगे बढ़े तो उन्हें अयोध्या धाम की स्वच्छता के नए मानक गढ़ने वालों के बीच पहुंचने का अवसर प्राप्त हुआ। इसके बाद वे उन लोगों की बस्ती में पहुंचे, जो जीवन भर लोगों को नदी पार करवाते हैं।

सीएम योगी बोले, निषाद बस्ती में जाकर मुझे मिष्ठान वितरण का अवसर प्राप्त हुआ। भगवान श्रीराम ने भी तो यही किया था। उन्होंने निषाद राज को गले लगाया था, शबरी के जूठे बेर खाकर कृतज्ञता ज्ञापित की थी। भगवान राम का इंतजार कर रही शबरी प्रभु का दर्शन करके अभिभूत थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि आज हम समाज को जोड़ने का कार्य करेंगे तो रामराज्य को आने से कोई ताकत रोक नहीं सकती। यह आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना और रामराज्य की अवधारणा को साकार करेगा।