लखनऊ संवाददाता। सिटी मोंटेसरी स्कूल (CMS), लखनऊ के प्रांगण में शनिवार को आयोजित ‘शिक्षक धन्यवाद समारोह’ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि “जीवन एक पक्षीय नहीं हो सकता। छात्रों को शिक्षा के साथ जीवन के विविध क्षेत्रों में भी अपनी पहचान बनानी चाहिए। हमारा लक्ष्य केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि ‘नेशन फर्स्ट’ होना चाहिए।” उन्होंने कहा कि आज की शिक्षा में केवल ज्ञान नहीं, बल्कि संस्कार, राष्ट्रीयता और भारतीय परंपराओं का समावेश अत्यंत आवश्यक है।
भारतीय संस्कृति को शिक्षा से जोड़ना समय की मांग — मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा को यदि संस्कार और राष्ट्रभाव के साथ जोड़ा जाए, तभी हम ‘विकसित भारत’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ की परिकल्पना को साकार कर सकते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से भारतीय संस्कृति को और अधिक मजबूती प्रदान की जा सकती है।
छात्रों का सम्मान, शिक्षकों का गौरव
समारोह में विभिन्न कक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार पाकर छात्र-छात्राओं के चेहरे गर्व और आत्मविश्वास से दमक उठे। शिक्षकों को भी उनके अथक प्रयासों के लिए धन्यवाद दिया गया, जिन्होंने विद्यार्थियों को योग्य और चरित्रवान नागरिक बनाने में योगदान दिया।
CMS परिवार को बधाई, छात्रों को शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री ने CMS परिवार को इस प्रेरणादायक आयोजन के लिए हार्दिक बधाई दी और कहा कि यह विद्यालय शिक्षा और संस्कृति के समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं दीं और कहा कि आने वाली पीढ़ी ही नए भारत की दिशा और दशा तय करेगी।











