चारधाम यात्रा में रखें सेहत का ख्याल, अपनाएं आयुर्वेद के ये आसान उपाय

233
Share

डॉ. राजीव कुरेले ने दी खानपान और दिनचर्या को लेकर महत्वपूर्ण सलाह

देहरादून । चारधाम यात्रा शुरू हो चुकी है और देशभर से श्रद्धालु बड़ी संख्या में केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री की ओर प्रस्थान कर रहे हैं। इस दौरान तीर्थयात्रियों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं न हो, इसके लिए आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ. राजीव कुरेले ने कुछ जरूरी सावधानियां और खानपान संबंधी सुझाव दिए हैं।

डॉ. कुरेले के अनुसार, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ऑक्सीजन की कमी, थकान, अपच और सर्दी-जुकाम जैसी समस्याएं आम होती हैं। इससे बचाव के लिए यात्रा से कुछ दिन पहले ही सुपाच्य आहार लेना शुरू करें और भारी भोजन से बचें।

उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान गुनगुना पानी, मूंग की खिचड़ी, उबली हुई सब्जियां और हल्का गरम दूध उपयुक्त रहता है। साथ ही अदरक, तुलसी और काली मिर्च युक्त हर्बल चाय पाचन और ऊर्जा बनाए रखने में सहायक होती है।

डॉ. कुरेले ने कहा कि तीर्थयात्रियों को तला-भुना और ठंडा भोजन बिल्कुल नहीं लेना चाहिए। साथ ही, भूखे रहना या एक साथ अधिक खाना भी स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचा सकता है। हर्बल दवाओं में उन्होंने त्रिकटु चूर्ण, सिटोपलादि चूर्ण और अश्वगंधा जैसी आयुर्वेदिक औषधियों को यात्रा में साथ रखने की सलाह दी।

उन्होंने यह भी कहा कि तीव्र चढ़ाई के दौरान आराम करना, गहरी सांस लेना और अधिक पानी पीते रहना जरूरी है। उन्होंने यात्रियों से अनुरोध किया कि यात्रा को संयम, श्रद्धा और स्वास्थ्य के साथ पूरा करें।