अरुणाचल प्रदेश के कामले जिले में खेलो इंडिया बहुउद्देशीय हॉल का उद्घाटन

63
Share

केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया बोले – हर कोने से निखरेंगी देश की प्रतिभाएं

नई दिल्ली/कामले (ब्यूरो)। पूर्वोत्तर भारत में खेलों को बढ़ावा देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने शनिवार को अरुणाचल प्रदेश के कामले जिले में खेलो इंडिया बहुउद्देशीय हॉल का उद्घाटन किया। यह हॉल केंद्र सरकार द्वारा पूरी तरह वित्तपोषित है और इसकी लागत करीब 8 करोड़ रुपये है।

इस आधुनिक हॉल में मुक्केबाजी, बैडमिंटन, वुशू, कराटे, जूडो, ताइक्वांडो, भारोत्तोलन, टेबल टेनिस और वॉलीबॉल जैसे इनडोर खेलों की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे क्षेत्र के युवाओं को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण मिलेगा और उन्हें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम में अरुणाचल प्रदेश के मंत्री श्री केंटो जिनी, श्री न्यातो दुकम और रागा के विधायक श्री रोतोम तेबिन भी उपस्थित रहे।

डॉ. मांडविया ने कहा, “यह पहल प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘हर क्षेत्र से खेल प्रतिभा निखारने’ के विजन का हिस्सा है। अरुणाचल प्रदेश जैसे दूरदराज़ क्षेत्रों में भी खेल प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत है सिर्फ उन्हें सही मंच और संसाधन देने की।”

मंत्री ने स्थानीय युवाओं से बातचीत भी की और उन्हें इस सुविधा का पूरा लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने फिटनेस, अनुशासन और खेल को युवाओं के जीवन का हिस्सा बनाने पर भी बल दिया।

इस कार्यक्रम में भारतीय खेल प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी, राज्य सरकार के प्रतिनिधि और कई स्थानीय गणमान्यजन भी मौजूद रहे।