Share

BMW से आए बदमाश और ऑडी लूटकर ले गए, गाजियाबाद का हैरान करने वाला मामला
गाजियाबाद में सरेआम एक ऑडी कार लूट ली गई है। BMW कार में आए कुछ बदमाशों पर इस लूट का आरोप है। ये घटना इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे 9 (सर्विस रोड) की है।
गाजियाबाद के पॉश इलाके इंदिरापुरम से लूट का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। इंदिरापुरम में कुछ बदमाश BMW से आए और एक ऑडी कार को लूटकर ले गए। बदमाश कार के साथ ही 18 हजार रुपए और एक मोबाइल भी लूटकर ले गए। ये घटना इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे 9 (सर्विस रोड) की है। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आइए जानते हैं कि कैसे घटी है इतनी हैरान कर देने वाली घटना।
इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के नीति खंड-तीन में मोहम्मद नूरेन का सिटी मोटर्स नाम से कार वर्कशॉप है। मोहम्मद नूरेन ने बताया कि उनकी वर्कशॉप पर दिल्ली निवासी विकास की ऑडी सर्विस के लिए आई हुई थी। इस गाड़ी का सर्विस पार्ट खरीदने के लिए 29 मई को वो अपने दो मैकेनिक आमिर और इस्लाम के साथ ऑडी से दिल्ली जा रहे थे। जैसे ही वो नेशनल हाईवे के पास अभयखंड में पहुंचे तो पीछे से आई BMW कार ने ओवरटेक करके रास्ता रोक लिया।
ओवरटेक करने के बाद आरोपियों की BMW से चार लोग उतरे। एक शख्स ड्राइविंग सीट की तरफ आया। उसने खुद का नाम बिलाल अहमद बताया और खुद को इस ऑडी का मालिक भी बताया। इसके बाद आरोपियों ने ऑडी चला रहे मोहम्मद नूरेन को बाहर खींच लिया। तीनों को लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा। इसके बाद चारों युवक ऑडी, 18 हजार रुपए व मोबाइल लूटकर फरार हो गए।इस घटना के बाद वर्कशॉप मालिक मोहम्मद नूरेन ने ऑडी मालिक विकास को सूचित किया। फिर घटनास्थल के सीसीटीवी कैमरों की जांच की। एक सीसीटीवी फुटेज में आरोपियों की BMW कार वर्कशॉप के पास खड़ी नजर आई। इससे ये माना जा रहा है कि आरोपी वर्कशॉप से ही ऑडी का पीछा कर रहे थे। पीड़ित मोहम्मद नूरेन ने गुरुवार को इंदिरापुरम थाने पर पहुंचकर लूट का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *