Share

बाघ की खाल पहनने से बिल्ली, बाघ नहीं बन जाती’, BJP नेता का उद्धव को चैलेंज- 1 सीट जीतकर दिखाएं
अविभाजित शिवसेना ने 2019 के चुनाव में 18 लोकसभा सीटें जीती थीं। उनमें से केवल पांच सदस्य ठाकरे गुट का समर्थन करते हैं, जबकि 13 अन्य महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के साथ हैं।
महाराष्ट्र के मंत्री गिरीश महाजन ने शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे पर बुधवार को तंज कसा और आरोप लगाया कि बाघ की खाल पहन लेने से बिल्ली बाघ नहीं बन जाती और साथ ही उनकी पार्टी को आगामी लोकसभा चुनाव में कम से कम एक सीट जीतने की चुनौती दी। भाजपा के वरिष्ठ नेता महाजन ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के संस्थापक शरद पवार को बारामती लोकसभा सीट से अपनी बेटी सुप्रिया सुले की जीत सुनिश्चित करने की भी चुनौती दी, जिसका वह वर्तमान में प्रतिनिधित्व करती हैं।बीजेपी को लोकसभा चुनाव में हार का डर- उद्धव
महाजन, ठाकरे की उस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दे रहे थे जिसमें उन्होंने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लगातार राज्य का दौरा कर रहे हैं क्योंकि राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा को आगामी आम चुनाव हारने का डर है। प्रधानमंत्री मोदी का आज अपराह्न में महाराष्ट्र के यवतमाल जिले का दौरा करने का कार्यक्रम था, जहां उन्होंने विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। महाजन ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज न केवल महाराष्ट्र का दौरा कर रहे हैं, बल्कि वह एक दिन में कुल तीन राज्यों का दौरा कर रहे हैं। उद्धव ठाकरे ने जो भी कहा है…केवल भोला-भाला व्यक्ति ही उस पर भरोसा कर सकता है। मैं उन्हें चुनौती देता हूं कि उनकी पार्टी कम से कम एक लोकसभा सीट जीते।’’
महाराष्ट्र के ग्रामीण विकास मंत्री महाजन ने कहा, ‘‘हमने पहले ही 400 से अधिक लोकसभा सीटें जीतने का आह्वान किया है। बाघ की खाल पहन लेने से कोई बिल्ली, बाघ नहीं बन जाती… मैं शरद पवार को भी चुनौती देता हूं कि वे अपनी बेटी सुप्रिया सुले की बारामती लोकसभा सीट से जीत सुनिश्चित करें।’’2019 में जीती थीं 18 सीटें, अब साथ में सिर्फ 5 सांसद
उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना महा विकास आघाडी (MVA) गठबंधन का हिस्सा है जिसमें शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा और कांग्रेस भागीदार हैं। अविभाजित शिवसेना ने 2019 के चुनाव में 18 लोकसभा सीटें जीती थीं। उनमें से केवल पांच सदस्य ठाकरे गुट का समर्थन करते हैं, जबकि 13 अन्य महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के साथ हैं।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *