Share

राहुल गांधी की यात्रा की UP में एंट्री, राम मंदिर के जरिए साधा निशाना; बोले- दो हिंदुस्तान बन रहे हैं
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा आज उत्तर प्रदेश की सीमा में प्रवेश कर गई। वहीं यात्रा के यूपी में पहुंचते ही राहुल गांधी ने राम मंदिर के कार्यक्रम के जरिए सरकार पर निशाना साधा है।
चंदौली : लोकसभा चुनाव से पहले राहुल गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा निकाल रहे हैं। उनकी इस भारत जोड़ो न्याय यात्रा ने आज बिहार से यूपी में प्रवेश किया। यात्रा के यूपी में प्रवेश करने के साथ ही राहुल गांधी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी पर अमीरों का साथ देने की बात कही। राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा है कि उस कार्यक्रम में सिर्फ अमीर लोग ही दिखे। वहां पर अमिताभ बच्चान दिखे, अडाणी दिखे, अंबानी दिखे, एश्वर्या राय दिखी ऐसे कई बड़े-बड़े अरबपति दिखे लेकिन गरीब और किसानों के लिए वहां पर जगह नहीं थी।
यूपी की सीमा में प्रवेश करते ही राहुल गांधी ने कहा कि ‘बॉर्डर पार करते ही पता चल गया कि यूपी में आ गए हैं। पिछले साल भारत जोड़ो यात्रा में नफरत को मिटाकर मोहब्बत की दुकान खोलने की बात की थी। उस यात्रा में यूपी के लोगों ने कहा था कि सिर्फ दो दिन आये फिर से आइए। मणिपुर और असम के लोगों ने कहा कि हमारे यहां यात्रा लेकर नहीं आये, इसलिए हमने ये यात्रा शुरू की है।’ उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि किसानों पर अत्याचार हो रहा है, अमीरों के लिए काम हो रहा है और महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है।
आगे राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम को लेकर भी राहुल गांधी ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आप सबने राम मंदिर का फंक्शन देखा। उसमें नरेंद्र मोदी दिखे, अडाणी दिखे, अंबानी दिखे, अमिताभ बच्चन, दिखे, ऐश्वर्या राय दिखी, देश के सब ऐक्टर। उसमें आपको गरीब किसान दिखा? मजदूर दिखा? कहां थे वो लोग? राम मंदिर के कार्यक्रम में अरबपति लोग दिखे लेकिन एक भी गरीब व्यक्ति नहीं दिखा, एक किसान नहीं दिखा, एक मजदूर नहीं दिखा। राहुल गांधी ने कहा कि दो हिंदुस्तान बन रहे हैं। एक तो 10-15 परसेंट वाला, पूरा का पूरा धन इनके हाथ में, मीडिया इनके हाथ में, ब्यूरोक्रेसी इनके हाथ में, बिजनेस का सिस्टम इनके हाथ में और आप लोग भूखे मरो, मजदूरी करो, ये है अन्याय।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *