Share

समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने बीते दिनों मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव पर तंज कसा था। इसके बाद से अब भाजपा ने अखिलेश यादव के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है और अखिलेश से माफी की मांग की जा रही है।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव इन दिनों आजमगढ़ के दौरे पर हैं। इस बीच यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने मोहन यादव को लेकर एक ट्वीट किया। उन्होंने ट्वीट करते हुए एक वीडियो को भी शेयर किया। इस वीडियो में मोहन यादव भाजपा नेता के साथ कुछ बात करते दिख रहे हैं। इसी को लेकर अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा, ‘कठपुतली तो सुना था, बतपुतली पहली बार देख रहे हैं। जिनकी बात की डोरी भी किसी और के हाथ में हैं। आजमगढ़ की जनता कह रही है कि जिनको ये न मालूम हो कहना क्या है? उनको सुनना क्या?’
अखिलेश यादव के खिलाफ लगे पोस्टर
मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव पर तंज कसने के बाद अब अखिलेश यादव भाजपा के निशाने पर आ गए हैं। इसी कड़ी में लखनऊ समेत कई शहरों में अखिलेश यादव के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किए गए और उनसे मांफी मांगने की बात कही गई। इस बाबत भाजपा के एमएलसी सुभाष यदुवंशी की तरफ से पोस्टर भी लगाए गए हैं। इन पोस्टरों में अखिलेश यादव के ट्वीट को भी दर्शाया गया है। इन पोस्टरों में अखिलेश यादव को मोहन यादव से माफी मांगने की नसीहत दी गई है। दरअसल यह मामला मंगलवार का है, जब मोहन यादव आजमगढ़ दौरे पर गए थे।
इस दौरान आजमगढ़ में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को उन्होंने संबोधित किया। इसी प्रेस कॉन्फ्रेंस के वीडियो को शेयर करते हुए अखिलेश यादव ने मोहन यादव पर निशाना साधा। जानकारी के मुताबिक, भाजपा के यादव समाज के लोग मार्च के पहले सप्ताह में विरोध का बड़ा कार्यक्रम करने वाले हैं। इस कार्यक्रम में पूरे प्रदेश के यादव समाज के लोगों को बुलाया जाएगा। भाजपा मोहन यादव को भी इस कार्यक्रम में बुलाने जा रही है। इसके जरिए भाजपा अखिलेश यादव को घेरते हुए यादव वोट बैंक को भी साधेगी, ताकि अखिलेश को इस फ्रंट पर भी बड़ा झटका दिया जा सके।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *