Share

UP निकाय चुनाव से पहले अखिलेश यादव का अटैक, बोले- शहरों की समस्याएं BJP की देन
अखिलेश यादव ने कहा, सरकार कह रही है कि ट्रिपल इंजन चाहिए, ट्रिपल इंजन तो बहुत दिनों से चल रहा है, लेकिन बीजेपी स्‍मार्ट सिटी तो नहीं बना सकी।
सपा अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव ने आज मंगलवार को नगरीय निकाय चुनाव को लेकर लोगों से उनकी पार्टी को वोट देने की अपील की। इसके साथ ही उन्होंने शहरों की समस्याओं के लिए बीजेपी को जिम्मेदार ठहराया। सपा मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में अखिलेश यादव ने नगरीय निकाय चुनाव के लिए वोटरों को सजग करते हुए कहा कि यह चुनाव स्‍मार्ट सिटी का है और इसलिए महत्वपूर्ण है कि आज हमारे शहरों में आबादी बढ़ती जा रही है।
उन्होंने कहा कि शहरों में जितनी भी समस्याएं हैं, सब भारतीय जनता पार्टी की देन है। उन्‍होंने कहा, “सबसे लंबे समय तक इन शहरों में बीजेपी के महापौर रहे हैं। उदाहरण के लिए सबसे ज्‍यादा लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, आगरा में उन्हीं के महापौर रहे।” यादव ने कहा, “सरकार कह रही है कि ट्रिपल इंजन चाहिए, ट्रिपल इंजन तो बहुत दिनों से चल रहा है, लेकिन बीजेपी स्‍मार्ट सिटी तो नहीं बना सकी। नालियां खुली पड़ी हैं, गंदगी है, सड़कों पर गड्ढे हैं, गलियों में दुर्दशा है और इन सबके लिए बीजेपी सरकार जिम्मेदार है।”
उन्‍होंने सपा की सरकार में विकास कार्य होने का दावा करते हुए कहा, “आखिरकार स्मार्ट सिटी में क्‍या कर रहे हैं आप, आपका रिवर फ्रंट वैसे का वैसा है। जितनी भी इमारतें बनी थीं, जो अहम इमारतें थीं, वैसी की वैसी हैं। शहर के हजारों पार्क सरकार ने बर्बाद कर दिए। बड़े पार्क को जो सुविधा मिलनी चाहिए थी, वह नहीं दे पा रहे हैं।” उन्‍होंने कहा, “इसी शहर में प्रधानमंत्री ने कूड़े से बिजली बनाने का संयंत्र लगाया, लेकिन कभी बिजली नहीं बनी। कूड़े के निस्तारण की क्या व्यवस्था है। मेडिकल कचरा कहां जा रहा है, सफाई नहीं हो पा रही है। जो पेड़ लगे थे काट डाले। जो नकली पेड़ लगाए थे वह भी सब सूख गए।”
सपा अध्यक्ष ने कहा, “समाजवादियों ने जो काम किया था, उससे आगे इस सरकार ने कुछ नहीं किया और स्‍मार्ट सिटी के नाम पर इतना भ्रष्टाचार हुआ कि आप कल्पना नहीं कर सकते।” मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ की ओर से सोमवार को सहारनपुर में निकाय चुनाव प्रचार की शुरुआत करते हुए ‘यूपी में नो दंगा, यूपी में सब ओर चंगा’ और ‘माफिया हो गए अतीत’ जैसे नारे दिए जाने के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा, “वह एक अलग सोच वाली पार्टी है, कुछ जगह तो वह दूरी बनाने वाली पार्टी दिखी -जहां लोगों ने खुद उससे किनारा कर लिया।”

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *