Share

एजेंसी समाचार
नई दिल्ली: पूर्व कांग्रेसी नेता और डेमोक्रेटिक आजाद पार्टी के प्रमुख गुलाम नबी आजाद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ में जमकर कसीदे पढ़े हैं। उन्होंने पीएम मोदी को उदार बताते हुए कहा कि विपक्ष के नेता के तौर पर मैंने उनका कई बार विरोध किया लेकिन उन्होंने कभी भी बदले की भावना नहीं रखी। उन्होंने हमेशा ही एक राजनेता जैसा व्यवहार रखा।
गुलाम नबी आजाद ने कहा, “मैंने उनके साथ जो किया, उसके लिए मुझे मोदी को श्रेय देना चाहिए। वह बहुत उदार हैं। विपक्ष के नेता के रूप में मैंने उन्हें किसी भी मुद्दे पर नहीं बख्शा, चाहे वह धारा 370 हो या सीएए या हिजाब।” उन्होंने कहा कि मैंने उनके कई बिल योजनाओं को पूरी तरह से फेल कर दिया लेकिन उन्होंने कभी भी बदले की भावना से नहीं बल्कि एक राजनेता के तौर पर ही व्यवहार किया। उन्होंने इसका बदला नहीं लिया और इसके लिए मुझे उनकी तारीफ करनी चाहिए।
इसके साथ ही गुलाम नबी आजाद ने कहा कि कांग्रेस में रहने के दौरान उनपर और जी-23 ग्रुप के नेताओं पर बीजेपी के करीबी होने का आरोप लगा था। उन्होंने कहा कि ऐसा आरोप लगाने वाले लोग मुर्ख हैं। अगर जी-23 ग्रुप बीजेपी का प्रवक्ता होता तो पार्टी उन नेताओं को सांसद, महासचिव और प्रवक्ता और पार्टी में पदाधिकारी क्यों बनाती? उन्होंने कहा कि ग्रुप में शामिल नेताओं में से केवल मैं ही अकेला हूं, जिसने अपनी पार्टी बनाई है और बाकी के नेता वहीं हैं। इसलिए इस तरह के आरोप बेहद ही दुर्भावनापूर्ण, अपरिपक्व और बचकाने हैं।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *