Share

एजेंसी समाचार
गंगटोक। सिक्किम नाथुला में मंगलवार सुबह हुए भारी हिमस्खलन में सात पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि 20 लोगों को बचा लिया गया। घायलों को घटनास्थल पर ही मेडिकल सुविधा दी जा गई। अभी भी कइयों के फंसे होने आशंका है। आॅपरेशन आॅल आउट के तहत युद्ध स्तर पर राहत व बचाव कार्य जारी है। मंगलवार सुबह हुए इस भीषण हादसे पर प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने दुख जताया है।
सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल महेंद्र रावत ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 11.10 बजे, गंगटोक को नाथुला से जोड़ने वाले जवाहरलाल नेहरू मार्ग पर भारी हिमस्खलन हुआ। नाथूला के रास्ते में 20-30 पर्यटकों के साथ लगभग 5-6 वाहनों के बर्फ के नीचे दबने की आशंका है। घटना की जानकारी मिलते ही त्रिशक्ति कोर, भारतीय सेना और बीआरओ परियोजना की स्वास्तिक की टीम तुरंत राहत व बचाव कार्य शुरू किया।
सेना प्रवक्ता ने बताया कि शाम चार बजे तक 20 पर्यटकों को बचाया गया है, इनमें छह को गहरी घाटी से बचाया गया है। उन्हें हल्की चोटें आई हैं। डॉक्टरों की टीम ने उनका इलाज किया। वहीं इस दुर्घटना में सात लोगों ने दम तोड़ दिया है। सूत्रों के मुताबिक इनमें चार पुरुष, दो महिलाएं और एक बच्चा शामिल है। सेना, राज्य आपदा प्रबंधन दल और पुलिस लोगों की तलाश में राहत व बचाव अभियान जारी रखे हुए है। इसके अलावा सड़क से बर्फ हटाने के बाद रास्ते में फंसे 350 पर्यटकों और 80 वाहनों को बचाया गया।
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि सिक्किम में हिमस्खलन से व्यथित हूं। उन लोगों के प्रति संवेदना, जिन्होंने अपनों को खोया है। मुझे उम्मीद है कि घायल जल्द ही ठीक हो जाएंगे। बचाव अभियान जारी है और प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी सिक्किम में हिमस्खलन में हुई मौतों पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हम स्थिति पर करीब से नजर रख रहे हैं और एनडीआरएफ की टीमें जल्द ही प्रभावित इलाके में पहुंचेंगी। मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, सिक्किम नाथुला सीमा क्षेत्र में बड़े हिमस्खलन से छह पर्यटकों की मौत होने और 11 लोगों के घायल होने की खबर है। वहीं, समाचार एजेंसी एएनआई के ने पुलिस अधिकारियों के हवाले से बताया कि गंगटोक को नाथुला से जोड़ने वाले जवाहरलाल नेहरू मार्ग पर 14वें मील पर बचाव अभियान जारी है। बर्फ में फंसे 22 पर्यटकों को रेस्क्यू कर लिया गया है। सड़क से बर्फ हटाने के बाद 350 फंसे पर्यटकों और 80 वाहनों को भी बचा लिया गया है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *