Share

UP के एटा में बड़ा हादसा, रेलिंग तोड़कर फ्लाईओवर से नीचे खाई में गिरा कैंटर, 3 लोगों की दर्दनाक मौत
एसएचओ ने आशंका जतायी कि हादसा वाहन चलाते समय ड्राइवर को झपकी आने के कारण हुआ। घटना में मारे गए व घायल हुए सभी लोग मैनपुरी जिले के एक ही गांव के निवासी बताए गए हैं।
एटा (उप्र): उत्तर प्रदेश के एटा जिले में सोमवार सुबह भीषण सड़क हादसा हुआ है। यहां के पिलुआ थाना क्षेत्र में आज तड़के करीब चार बजे एक आयशर कैंटर (ट्रक) फ्लाईओवर की रेलिंग तोड़ते हुए 20 फुट नीचे जा गिरा, जिससे तीन लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्र हो गए और उन्होंने सभी घायलों को बाहर निकलवाया तथा घटना की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह अलीगढ़ से मैनपुरी की ओर जा रहा कैंटर थाना पिलुआ क्षेत्र के ग्राम ततारपुर के पास अचानक अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर से नीचे जा गिरा, जिससे कैंटर में सवार कुल पांच लोगों में से चार घायल हो गए और एक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर पिलुआ थाना के SHO दिनेश कुमार भी मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य शुरू कर सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज एटा पहुंचाया।
गंभीर रूप से घायल 2 युवक सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर
दिनेश कुमार ने बताया हादसे में मैनपुरी जिले के कुरावली थाना क्षेत्र के महाजन टोला निवासी 25 वर्षीय अनस खान की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 30 वर्षीय इरफान और 35 वर्षीय अच्छे खां की मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई। कैंटर सवार 32 वर्षीय मोहम्मद सत्तार और शाहरुख (30) गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें मेडिकल कॉलेज एटा से उपचार के लिए सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
ड्राइवर को झपकी आने के कारण हुआ हादसा
एसएचओ ने आशंका जतायी कि हादसा वाहन चलाते समय ड्राइवर को झपकी आने के कारण हुआ। घटना में मारे गए व घायल हुए सभी लोग मैनपुरी जिले के एक ही गांव के निवासी बताए गए हैं और इनमें ड्राइवर कौन था, यह पता नहीं चल पाया है। उन्होंने बताया कि आगे की कार्रवाई की जा रही है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *