Share

रुड़की। मंगलौर पुलिस ने मोबाइल टावर से बैटरी उड़ाने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी की 22 बैटरी और बुलेरो कार बरामद हुई है। आरोपित बुलेरो कार से बैटरी लेकर मेरठ की तरफ जा रहे थे। इनके दो फरार साथियों की भी पुलिस तलाश कर रही है।
सिविललाइंस कोतवाली में सोमवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में एसएसपी डी. सैंथिल अबूदई कृष्ण राज एस ने बताया कि रुड़की, कलियर, मंगलौर आदि क्षेत्रों में लगे मोबाइल टावरों से लगातार बैटरी चोरी हो रही थी। इस गिरोह को पकड़ने के लिए मंगलौर पुलिस को निर्देशित किया गया था। सीओ डीएस रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम इस गिरोह की तलाश में लगी थी। सोमवार को लंढौरा पुलिस चैकी प्रभारी रणवीर सिंह चैहान को सूचना मिली कि बोलेरो कार में कलियर की तरफ से मोबाइल टावर से चोरी की गई बैटरी मेरठ ले जाई जा रही है। इस सूचना पर पुलिस अलर्ट हो गई।
पुलिस टीम ने मंगलौर के देवबंद तिराहे के पास बुलेरो कार को थाम लिया। इसमें सवार दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। आरोपितों ने अपने नाम दिलशाद निवासी ग्राम जानी बुजुर्ग, थाना जानी, जनपद मेरठ, उप्र और कमल सिंह निवासी हुसैनपुर थाना पुरकाजी जिला मुजफ्फरनगर, उप्र बताया। कार से पुलिस ने मोबाइल टावर की 22 बैटरी बरामद की।
एसएसपी ने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि वर्ष 2019 में सात बैटरी मंगलौर में मोबाइल टावर से चोरी हुई थी, जबकि इसी साल 12 बैटरी मंगलौर में ही अलग अलग मोबाइल टावरों से चोरी हुई थी। वहीं, तीन बैटरी इसी साल कलियर क्षेत्र में लगे मोबाइल टावर से बरामद हुई है। एसएसपी ने बताया कि इस गिरोह में शामिल हसीन और साजिद निवासी जानी बुजुर्ग, थाना जानी, मेरठ, उप्र की भी तलाश की जा रही है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *