Share

एजेंसीं न्यूज
कानपुर। कौन बनेगा करोड़पति और द वॉयस जैसे शो में अपनी आवाज का जादू बिखेर चुकी शहर की शिविका अब वैश्विक पटल पर अपना नाम दर्ज कराने की ओर हैं। कुछ दिनों पहले मुंबई के एक होटल में हुए कार्यक्रम में वेबसीरीज द फॉरगॉटन आर्मी के तीन गानों को जब 1046 गायकों ने एक साथ गाया तो उनमें मुख्य गायकों में शिविका शामिल थीं। पिछले पांच वर्षों से मुंबई में रह रहीं शिविका को कार्यक्रम में गाता देख और अहम भूमिका निभाने के लिए गिनीज बुक ऑफ वल्र्ड रिकॉर्ड के लिए चुना गया है।
संगीत के प्रति बचपन से लगाव रखने वाली गुमटी नं.5 निवासी शिविका को यह कतई इल्म नहीं था कि उनका हुनर एक दिन उनका नाम गिनीज बुक ऑफ वल्र्ड रिकॉर्ड में दर्ज करा देगा। हंसमुख स्वभाव वाली शिविका बताती हैं, कि वैसे तो संगीत को सुना और समझा मम्मी से। वह बहुत अच्छा गाती हैं, जब-जब उन्हें गाते देखती तो यही लगता कि बस उनकी तरह ही गाना है। वह केबीसी और द वॉयस के लिए गा चुकी हैं और अब कहती हैं कि भविष्य में उन्हें बॉलीवुड गायिका बनना है।
शिविका हर वर्ष अपनी मम्मी के साथ कानपुर स्थित स्वराज इंडिया स्कूल आती हैं। उन्होंने यहां से 10वीं में 70 व 12वीं में 72 फीसद अंक हासिल किए। वह बताती हैं कि मम्मी इसी स्कूल में शिक्षिका रही हैं। इसलिए हर वर्ष यहां आकर छात्र-छात्राओं को संगीत की बारीकियां सिखाती हैं। शिविका कहती हैं कि कभी हिम्मत नहीं हारनी चाहिए। जो आपको अच्छा लगे, उसे पूरे दिल से करिए, सफलता जरूर मिलेगी।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *