उत्तराखंड में भांग खेती की नीति जल्द तैयार करने के निर्देश

228
Share

देहरादून। मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह ने भांग खेती के लिए इस माह के अंत तक नीति का खाका तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित नीति में खेती को सुरक्षित तरीके से करने के प्रविधान शामिल किए जाएं। उन्होंने इसके लिए केंद्र सरकार के स्तर पर लंबित मसलों का भी शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।
सोमवार को सचिवालय में आयोजित बैठक में मुख्य सचिव ने भांग की खेती से किसानों और काश्तकारों की आय बढ़ाने के संबंध में चर्चा की। उन्होंने उद्यान व कृषि विभाग के साथ ही इंडियन इंडस्ट्रीयल हेंप एसोसिएशन से भांग के व्यावसायिक उत्पादन को लेकर किसानों व विभिन्न कंपनियों की रुचि, अनुभव और सुझाव के संबंध में जानकारी ली। मुख्य सचिव ने कहा कि यह योजना उत्तराखंड के किसानों की आर्थिकी को संवारने और पलायन रोकथाम के लिए महत्वपूर्ण है।
उन्होंने खेती के लिए विदेश से व्यावसायिक उद्देश्य के लिए आयात किए जाने वाले भांग के बीजों के संबंध में भी विस्तृत जानकारी जुटाने को कहा। उन्होंने कहा कि आबकारी विभाग इस योजना के तहत नियमन का कार्य करेगा तथा उद्यान विभाग के अधीन एजेंसी कैप इसकी नोडल एजेंसी होगी। अन्य संबंधित एजेंसियां, सैंपलिंग और टेस्टिंग आदि तकनीकी पहलुओं से संबंधित कार्य करेगी।
बैठक में प्रमुख सचिव आबकारी आनंद वर्धन, सचिव कृषि और उद्यान आर मीनाक्षी सुंदरम, अपर सचिव राम विलास यादव, निदेशक उद्योग एससी नौटिया व इंडियन इंडस्ट्रीयल हैंप एसोसिएशन के कार्यकारी निदेशक रवि शर्मा आदि उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY