Share

देहरादून। उत्तराखंड जबरदस्त शीतलहर की चपेट में है। दिनभर बर्फीली हवा की चुभन बेचैन करती रही। प्रदेश में आठ शहरों में न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस से नीचे रिकार्ड किया गया। वहीं छह शहरों में अधिकतम तापमान दहाई के अंक को भी नहीं छू पाया। चमोली के जोशीमठ और कुमाऊं के मुक्तेश्वर में पारा शून्य से नीचे पहुंच गया है, जबकि अल्मोड़ा में यह शून्य के करीब रहा। मौसम विभाग के अनुसार मौमस का यह मिजाज आगे भी बना रहेगा।
गुरुवार सुबह से प्रदेश में ज्यादातर स्थानों पर बादल छाए रहे। पहाड़ से लेकर मैदान तक बर्फीली हवा डेरा डाले रही। मैदानी क्षेत्रों में सुबह और शाम कोहरे के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। हालांकि दिन में हल्की धूप के दर्शन हुए, लेकिन इससे राहत का एहसास नहीं हुआ। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य से चार से पांच डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से औसतन एक से दो डिग्री सेल्सियस कम है।
उन्होंने बताया कि 31 दिसंबर से मौसम फिर करवट बदलेगा। इस दौरान पहाड़ से लेकर मैदान तक बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। शुक्रवार को भी प्रदेश में शीतलहर का प्रकोप जारी रहेगा। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी तो मैदानी इलाकों में घने कोहरे के आसार हैं।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *