देहरादून। मानदेय वृद्धि समेत विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलनरत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने स्वच्छता अभियान चलाकर सरकार का विरोध किया। अब आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रक्तदान करेंगी।
परेड ग्राउंड स्थित धरना स्थल पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का आंदोलन 19वें दिन भी जारी रहा। एक ओर कुछ आंदोलनकारी क्रमिक अनशन पर बैठे रहे, जबकि दूसरी ओर अन्य ने धरना स्थल के आसपास सफाई अभियान चलाकर कूड़ा एकत्रित किया।
इस मौके पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संगठन की अध्यक्ष रेखा नेगी ने कहा कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर अमल नहीं करती, आंदोलन जारी रहेगा। आंदोलन के क्रम में दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल के सहयोग से धरना स्थल पर ही रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद आगे की रणनीति पर मंथन किया जाएगा। वहीं, चार जनवरी को प्रस्तावित महारैली को लेकर भी तैयारियां तेज कर दी गई हैं। प्रदेशभर की सभी कार्यकर्ताओं से महारैली में शामिल होने का आह्वान किया गया है। उन्होंने बताया कि संगठन की प्रमुख मांगों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का न्यूनतम मानदेय 18 हजार रुपये करना, पदोन्नति, मोबाइल फोन से अनावश्यक पाबंदियां हटाने की आदि शामिल हैं।











