Share

एजेंसीं न्यूज
लखनऊ। महाराष्ट्र में सत्ता गंवाना भारतीय जनता पार्टी को बेहद खल रहा है। भाजपा के हर नेता की जुबान पर आजकल महाराष्ट्र के विधानसभा चुनाव परिणाम हैं। लखनऊ में भाजपा प्रदेश मुख्यालय में मीडिया के सामने भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन का दर्द छलक उठा।
भाजपा प्रदेश मुख्यालय में मीडिया से मुखातिब भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि महाराष्ट्र में भाजपा अकेले लड़ती तो पूर्ण बहुमत हासिल कर लेती। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की जनता ने भाजपा-शिवसेना को जनादेश दिया लेकिन शिवसेना नई शर्तों के साथ आ गई जिसे मानना हमारे लिए संभव नहीं था। यह गठबंधन विचारधारा को किनारे रखकर किया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस व एनसीपी ने उद्धव ठाकरे को मुख्यमंत्री तो बना दिया है लेकिन वो उनका वही हश्र करेंगे जो कर्नाटक में कुमारस्वामी का हुआ। उन्होंने कहा कि यहां पर तो शिवसेना ने जनादेश का अपमान किया और बाला साहेब के सिद्धान्तों को खत्म कर कांग्रेस की गोद में बैठ कर सत्ता पाई है। देश भर में भाजपा के सिमटते जाने पर शहनवाज ने कहा कि हमने महाराष्ट्र में 70 प्रतिशत स्ट्राइक रेट के साथ सबसे ज्यादा सीटें जीती, पार्टी का विस्तार हो रहा है। हर जगह हमारा वोट शेयर बढ़ रहा है।
भोपाल से सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर द्वारा गोडसे को देशभक्त बताए जाने पर शहनवाज हुसैन ने कहा कि भाजपा महात्मा गांधी की विचारधारा की ध्वजवाहक है। हम बापू का अपमान कभी बर्दाश्त नहीं कर सकते। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वच्छ भारत अभियान महात्मा गांधी को ही समर्पित कर चला रहे हैं। प्रज्ञा ठाकुर ने जो बयान दिया उस पर कार्रवाई की गई।
भाजपा प्रवक्ता शहनवाज हुसैन ने महाराष्ट्र में शिवसेना-एनसीपी-कांग्रेस गठबंधन की सरकार बनने पर कहा कि अगर सबकुछ गंवा कर सत्ता पाई तो क्या पाया। शाहनवाज हुसैन ने कहा कि वहां पर शिवसेना ने सब कुछ लुटा कर सीएम पद पाया तो क्या हुआ। बाला साहेब ठाकरे हिंदुत्व पर गर्व करते थे। अब शिवसेना सेकुलरिज्म की बात करती है। हमारे लिए हिंदुत्व वे ऑफ लाइफ है। हमारे लिए राष्ट्रवाद वे ऑफ लाइफ है। सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास हमारा एजेंडा है लेकिन अब शिवसेना की हालत ऐसी हो गई है कि कांग्रेस को जो हो पसंद उद्धव जी वही बात करेंगे, सोनिया जी दिन को कहें रात तो वो रात कहेंगे।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *